अर्जुन रामपाल ने 15 साल छोटी गर्लफ्रेंड से शादी की : 8 साल के रिश्ते के बाद गोवा में गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से रजिस्टर्ड मैरिज; दो बच्चों के बाद लिया फैसला
मुंबई.
बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय की पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रियड्स के साथ शादी कर ली है। दोनों ने शुक्रवार को गोवा में कानूनी तौर पर अपनी शादी रजिस्टर कराई। उत्तरी गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में शादी की प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान परिवार और करीबी दोस्त मौजूद रहे।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत यह विवाह पंजीकृत किया गया। स्थानीय नियमों में शादी के लिए पहले और दूसरे हस्ताक्षर के बीच 15 दिन का अंतर जरूरी होता है। हालांकि, अर्जुन और गैब्रिएला ने इस अवधि में छूट के लिए स्थानीय कोर्ट के असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से विशेष अनुमति ली थी।

कैजुअल लुक में पहुंचे अर्जुन-गैब्रिएला
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सब-रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे। दोनों ने इस खास मौके के लिए बेहद सादा और कैजुअल लुक चुना। शादी समारोह को निजी रखा गया और इसमें सिर्फ करीबी लोग शामिल हुए।
2018 से साथ, दो बच्चों के बाद शादी
अर्जुन और गैब्रिएला 2018 से रिलेशनशिप में हैं। दोनों के दो बेटे हैं। 2019 में उनके पहले बेटे एरिक का जन्म हुआ था, जबकि 2023 में दूसरे बेटे एरिव का जन्म हुआ।
करीब सात साल साथ रहने के बाद 2025 में अर्जुन ने गैब्रिएला से अपनी सगाई की जानकारी सार्वजनिक की थी। अब दोनों ने कानूनी तौर पर अपने रिश्ते को शादी का रूप दे दिया है।

अर्जुन बोले थे- हमारे लिए शादी पहले ही हो चुकी
शादी से पहले अर्जुन रामपाल ने रणवीर अलाहबादिया के यूट्यूब चैनल पर रिश्ते और शादी को लेकर अपनी सोच साझा की थी। उन्होंने कहा था कि उनके और गैब्रिएला के लिए शादी सिर्फ एक कानूनी कागज नहीं है और दोनों खुद को पहले से ही शादीशुदा मानते हैं।
अर्जुन ने यह भी कहा था कि वह शादी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उनके रिश्ते में चीजें स्वाभाविक तरीके से आगे बढ़ी हैं। उनका मानना था कि कानूनी बंधन आने के बाद कभी-कभी रिश्ते को लेकर लोगों का नजरिया बदल सकता है।
मेहर जेसिया से 20 साल बाद हुआ था तलाक
अर्जुन रामपाल की पहली शादी पूर्व सुपरमॉडल मेहर जेसिया से 1998 में हुई थी। दोनों की दो बेटियां माहिका और मायरा हैं। करीब 20 साल साथ रहने के बाद मई 2018 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की थी। नवंबर 2019 में उनका तलाक हुआ।
'रॉक ऑन!!' के लिए मिला नेशनल अवॉर्ड
अर्जुन ने 1994 में मॉडलिंग से करियर की शुरुआत की थी और 'सोसाइटी फेस ऑफ द ईयर' का खिताब जीता। 2001 में फिल्म 'प्यार इश्क और मोहब्बत' से एक्टिंग डेब्यू किया।
इसके बाद 'आंखें', 'डॉन', 'ओम शांति ओम', 'राजनीति', 'रॉक ऑन!!', 'डैडी' और 'पलटन' जैसी फिल्मों में नजर आए। 'रॉक ऑन!!' में अभिनय के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला था। हाल के वर्षों में वह 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी में भी दिखाई दिए हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन