Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

29th May 2026

ब्रेकिंग

कई देशों में नकारात्मक माहौल; नेतन्याहू का गाजा के 70% हिस्से पर कब्जे का आदेश

शाहरुख-आलिया समेत कई सितारों को सोशल मीडिया पर किया अनफॉलो; बोले- ऊर्जा बचानी है

कांग्रेस बोली- ये महापुरुषों और स्थानीय संस्कृति का अपमान; माता कर्मा की लगे प्रतिमा

अफसर बोले- आंधी-तूफान से हादसा, 11 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 3 को बचाया गया

कपड़े फाड़ने और धमकाने का भी आरोप; आज सामूहिक हड़ताल पर तहसीलदार

नायब तहसीलदार से मारपीट में BJP विधायक पर FIR : कपड़े फाड़ने और धमकाने का भी आरोप; आज सामूहिक हड़ताल पर तहसीलदार

News Affair Team

Fri, May 29, 2026

सरगुजा.

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार के साथ मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगा है। राजापुर उप तहसील में हुए विवाद के बाद विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। प्रशासनिक अधिकारियों के संगठन ने घटना का विरोध करते हुए प्रदेशभर में सामूहिक अवकाश की घोषणा कर दी है।

घटना मैनपाट क्षेत्र के राजापुर उप तहसील कार्यालय की है। जानकारी के मुताबिक विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी जमीन से जुड़े शाख शोध पत्र के काम के सिलसिले में कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रही थीं। बुधवार को भी वे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के लिए उप तहसील पहुंचीं थीं।

महिला ने लगाया बदसलूकी का आरोप

सीमा धनकी का आरोप है कि उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर साइन करने के लिए कहा तो अधिकारी भड़क गए। उन्होंने कथित तौर पर फाइल फेंक दी और अभद्र व्यवहार करते हुए कार्यालय से बाहर निकल जाने को कहा। इसके बाद महिला ने पूरे मामले की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी।

बताया जा रहा है कि इसके बाद विधायक समर्थक बड़ी संख्या में उप तहसील कार्यालय पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

नायब तहसीलदार बोले- विधायक ने बुलाकर पिटवाया

नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया कि शाम को विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें वापस राजापुर बुलाया। वे एसडीएम फागेश सिन्हा के साथ वहां पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विधायक ने अपनी बहन से अभद्रता का आरोप लगाया।

मानिक के मुताबिक उन्होंने सफाई दी कि महिला को अगले दिन आने के लिए कहा गया था और किसी तरह की बदसलूकी नहीं हुई। आरोप है कि इसी दौरान विधायक समर्थकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें किनारे बुलाकर पीटा और कपड़े तक फाड़ दिए। स्थिति बिगड़ने पर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव किया और उन्हें वहां से बाहर निकाला।

विधायक समर्थकों का थाने के बाहर धरना

घटना के बाद दोनों पक्ष सीतापुर थाने पहुंचे। विधायक समर्थकों ने FIR दर्ज होने के विरोध में थाने के बाहर धरना दिया और कार्रवाई वापस लेने की मांग की।

पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों में नाराजगी

घटना के विरोध में कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। संघ ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदेशभर के तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के सामूहिक अवकाश पर जाने का ऐलान किया है।

संघ का कहना है कि यदि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो सरकारी कामकाज प्रभावित होगा और अधिकारियों का मनोबल टूटेगा।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी बताया। उन्होंने कहा कि सुशासन की बात करने वाली सरकार के विधायक अब अधिकारियों को धमका और पीट रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में जवाब मांगा है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को कानून और लोकतांत्रिक मर्यादा के भीतर रहकर काम करना चाहिए।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और घटनास्थल से जुड़े सबूतों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन