Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

24th October 2026

ब्रेकिंग

भिलाई में 2500 किलो मिठाई नष्ट; बिस्किट पर 9 दिन आगे की तारीख

देहरादून में सेक्स रैकेट पकड़ा, 3 महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार

मुर्मू ने कहा- बस्तर के युवा जीत सकते हैं अंतरराष्ट्रीय मेडल; जंगल बचाने की अपील

कवयित्री बोलीं- बच्चियों का क्या दोष, मां की जरूरत उन्हें भी; जेल में की मुलाकात

मैहर में बाबा बागेश्वर ने भी मारा सिक्स, किए मां शारदा के दर्शन; आज करेंगे सनातन संवाद

सोनिया गांधी का सोशल मीडिया पर डेब्यू : पहली पोस्ट में शेयर किया किताब का वीडियो; 10 नवंबर को होगी लॉन्च

News Affair Team

Fri, Oct 23, 2026

नईदिल्ली.

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी नजर आएंगी। गुरुवार सुबह उन्होंने अपना आधिकारिक अकाउंट बनाया और पहली पोस्ट में अपनी आने वाली किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का वीडियो साझा किया।

अपने जीवन के बारे में लिखना मेरे लिए आसान नहीं था। इसका मतलब था खुद को खोलना और उन पलों व अनुभवों को साझा करना, जिन्हें मैंने हमेशा अपने भीतर गहराई से संभालकर रखा था।

  • सोनिया गांधी

    अध्यक्ष, कांग्रेस संसदीय दल

10 नवंबर को रिलीज होने वाली इस किताब में सोनिया ने इटली में गुजरे बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात, नेहरू-गांधी परिवार में अपने जीवन और निजी त्रासदियों से लेकर देश की राजनीति तक के सफर को जगह दी है।

लिखा- अपनी कहानी आप सबके साथ साझा करने को उत्सुक हूं

सोनिया गांधी ने गुरुवार सुबह करीब 9 बजे इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट की। इसमें उन्होंने लिखा कि अपनी किताब को सभी के साथ साझा करके वह खुश हैं। उनके मुताबिक, यह किताब प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने और अपनेपन की जगह तलाशने की कहानी है।

पोस्ट के साथ साझा किए गए वीडियो में सोनिया गांधी अपने करीबियों और बेटी प्रियंका गांधी के साथ नजर आती हैं। वीडियो में प्रियंका अपनी मां को मिठाई खिलाती भी दिखाई देती हैं। किताब के जरिए सोनिया अपने निजी जीवन के उन अनुभवों को पाठकों तक पहुंचाने जा रही हैं, जो उनके सार्वजनिक और राजनीतिक सफर से जुड़े रहे हैं।

इटली के बचपन से कैंब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात तक का जिक्र

‘Belonging: A Journey of Love’ की शुरुआत युद्ध के बाद इटली के वेनेटो क्षेत्र में सोनिया के बचपन से होती है। इसके बाद कहानी कैंब्रिज पहुंचती है, जहां 1965 में उनकी मुलाकात भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पोते राजीव गांधी से हुई थी।

किताब में राजीव गांधी से शादी, तत्कालीन प्रधानमंत्री और अपनी सास इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात तथा भारतीय जीवनशैली के साथ तालमेल बैठाने के अनुभव भी शामिल हैं। इसमें हिंदी सीखने, साड़ी पहनने और भारतीय खानपान व संस्कृति को अपनाने जैसे व्यक्तिगत अनुभवों का वर्णन है।

संजय गांधी की मौत से राजीव गांधी की हत्या तक की त्रासदियां

सोनिया की किताब में गांधी परिवार को प्रभावित करने वाली कई बड़ी घटनाओं का भी जिक्र है। इनमें विमान हादसे में संजय गांधी की मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या शामिल हैं।

राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहीं। इस दौरान पीवी नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने। 1990 के दशक के मध्य तक कांग्रेस के सामने संगठनात्मक चुनौतियां बढ़ने लगी थीं। 1997 में सोनिया गांधी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली और मार्च 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष बनीं।

वे 2017 तक पार्टी अध्यक्ष रहीं। इसके बाद 2019 में एक बार फिर अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और 2022 तक इस पद पर रहीं। अलग-अलग कार्यकालों को मिलाकर उनका नेतृत्व कांग्रेस के सबसे लंबे अध्यक्षीय कार्यकालों में शामिल है।

2004 में प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने का प्रसंग भी

किताब में 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद बने राजनीतिक हालात का भी उल्लेख है। उस चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) ने सरकार बनाई थी। गठबंधन के सहयोगियों ने सोनिया गांधी का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाया, लेकिन उन्होंने 18 मई 2004 को पद स्वीकार नहीं करने का फैसला किया।

इसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने। सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष और UPA अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक नेतृत्व की भूमिका निभाई। UPA सरकार 2004 से 2014 तक केंद्र की सत्ता में रही।

डॉ. मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू ने भी अपनी किताब ‘The Accidental Prime Minister’ में उस दौर के सत्ता-समीकरणों और प्रधानमंत्री कार्यालय तथा कांग्रेस नेतृत्व के संबंधों का वर्णन किया था। बाद में इसी नाम से फिल्म भी बनी।

1998 में बनीं कांग्रेस अध्यक्ष, 2004 में रायबरेली से जीतीं

सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली में हुआ था। 25 फरवरी 1968 को उनकी शादी राजीव गांधी से हुई। उनके दो बच्चे हैं, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी।

सोनिया ने 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला। 1999 में उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा और अमेठी से सांसद चुनी गईं। इसके बाद वे रायबरेली से लगातार चार बार लोकसभा पहुंचीं और 2004 से 2019 तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया।

2024 में सोनिया गांधी पहली बार राजस्थान से राज्यसभा सदस्य बनीं। उनकी प्रस्तावित किताब में निजी जीवन, परिवार के कठिन दौर और भारतीय राजनीति में उनकी भूमिका के कई पहलुओं को एक साथ सामने लाने की कोशिश की गई है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन