डेयरी में एक्सपायरी दूध से बना रहे थे पनीर : भिलाई में 2500 किलो मिठाई नष्ट; बिस्किट पर 9 दिन आगे की तारीख
News Affair Team
Sat, Oct 24, 2026
दुर्ग.
भिलाई में मिठाई और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य विभाग की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। शुक्रवार को टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापा मारा तो कहीं एक्सपायरी दूध से पनीर बनता मिला, तो कहीं गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार और पैक की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान करीब 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराने की प्रक्रिया की गई। तीन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थ बनाने का काम भी बंद करा दिया गया।
इसी जांच के दौरान वैशाली नगर की एक दुकान में बिस्किट के पैकेट पर भविष्य की तारीख डालकर पैकिंग किए जाने का मामला सामने आया। 23 अक्टूबर को जांच के दौरान पैकेट पर 1 नवंबर 2026 की तारीख दर्ज मिली। विभाग ने इसे ग्राहकों को गुमराह करने का मामला मानते हुए संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

गंदगी में तैयार हो रहे थे डेयरी उत्पाद
नंदनी रोड स्थित मां दुर्गा डेयरी की जांच में पनीर और दही बनाने की जगह पर गंदगी मिली। अधिकारियों के मुताबिक, पनीर बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा पैक्ड दूध एक्सपायरी डेट का था। टीम ने पनीर, दूध और दही के नमूने लेकर लैब में जांच के लिए भेजे।
इसके बाद नगर निगम की मदद से करीब 1000 लीटर दूध और 80 किलो दही नष्ट कराया गया। अब नमूनों की जांच से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होगी।

लड्डुओं में खाद्य रंग और स्वीटनिंग एजेंट के इस्तेमाल पर संदेह
कैंप-2 स्थित गुप्ताजी लड्डू हाउस में करीब 250 किलो मैदे के लड्डू मिले। विभाग को इनमें निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाले खाद्य रंग और स्वीटनिंग एजेंट इस्तेमाल किए जाने का संदेह था। इसके बाद लड्डुओं को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।

बिना लेबल प्लास्टिक के जार में पैक हो रही थीं मिठाइयां
बैकुंठधाम, कैंप-2 स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में भी साफ-सफाई से जुड़ी खामियां मिलीं। टीम के मुताबिक, यहां गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई और पैक की जा रही थीं। लड्डू, सोनपापड़ी, पेड़ा और बर्फी जैसी मिठाइयां बिना लेबल वाले प्लास्टिक के जार में रखी जा रही थीं।
कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलो पेड़ा, 1020 किलो सोनपापड़ी और 70 किलो मसूर पाक समेत अन्य मिठाइयों को नष्ट करने की प्रक्रिया की गई। विभाग के अनुसार, अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर कुल मिलाकर करीब 2500 किलो मिठाई नष्ट कराने की कार्रवाई हुई।
तीन प्रतिष्ठानों में काम बंद, लाइसेंस सस्पेंड करने की सिफारिश
जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद मां दुर्गा डेयरी, गुप्ताजी लड्डू हाउस और मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में खाद्य पदार्थ बनाने का काम बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि तीनों प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस एक सप्ताह के लिए सस्पेंड करने की सिफारिश भेजी जाएगी। तय समय में जरूरी सुधार नहीं होने पर निलंबन की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है।

बिस्किट पर 9 दिन आगे की तारीख, संचालक पर कार्रवाई
वैशाली नगर स्थित जलाराम नमकीन एंड डेयरी में 23 अक्टूबर को औचक जांच की गई। टीम को बिस्किट के पैकेट पर 1 नवंबर 2026 की तारीख डालकर पैकिंग किए जाने की जानकारी मिली। यानी जांच की तारीख से करीब 9 दिन आगे की तारीख पैकेट पर दर्ज थी।
विभाग ने इसे भ्रामक जानकारी देने का मामला मानते हुए दुकान संचालक के खिलाफ केस तैयार किया है। मामले को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कमिश्नर बोले- खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
खाद्य सुरक्षा विभाग के आयुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों में जाकर जांच की जा रही है। इसी क्रम में दुर्ग जिले में भी कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों का निर्माण साफ-सुथरी जगह पर होना चाहिए। एक्सपायरी सामग्री का इस्तेमाल और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन