MP में हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा स्टेडियम : CM मोहन यादव बोले- प्रतिभाओं को मिलेगा मंच; खेल बजट बढ़ाना खुशी देता है
News Affair Team
Sun, Aug 16, 2026
भोपाल.
मध्यप्रदेश में खेल सुविधाओं को गांव-गांव और विधानसभा स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल के बोट क्लब में आयोजित राजा भोज मल्टी क्लास नेशनल रैंकिंग सेलिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में कहा कि प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेडियम के साथ अलग-अलग खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि प्रदेश के हर हिस्से की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।

3 साल में 16वें-17वें से तीसरे स्थान पर पहुंचा MP
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश खेलों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। तीन साल पहले प्रदेश की खेलों में स्थिति देश में 16वें-17वें स्थान के आसपास थी, लेकिन अब मध्यप्रदेश तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने इसे खिलाड़ियों की मेहनत और सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत की उपलब्धियों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है।
18 खेलों की 11 अकादमियां चल रहीं
मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल 18 खेलों की 11 खेल अकादमियां संचालित हैं। सरकार का फोकस केवल खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने पर नहीं, बल्कि उनके प्रशिक्षण, शिक्षा और भविष्य के अवसरों को मजबूत करने पर भी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ उनके कोच के करियर और भविष्य पर भी ध्यान देना जरूरी है।
87 खिलाड़ियों ने 110 रेस में दिखाया दम
राजा भोज मल्टी क्लास नेशनल रैंकिंग सेलिंग चैंपियनशिप के तीसरे संस्करण में 12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने 110 रेस में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल ने पहला स्थान हासिल किया। नेवी यूथ स्पोर्ट्स क्लब गोवा दूसरे और सिकंदराबाद तीसरे स्थान पर रहा।
भोपाल की झील पर दिखा सेलिंग का रोमांच
अपर लेक की लहरों पर खिलाड़ियों ने संतुलन, गति और तकनीक का प्रदर्शन किया। अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
राज्य में वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2007 में मध्यप्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी की स्थापना की गई थी। यहां सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग, केनोइंग और स्लालम जैसी विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है। अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक 28 अंतरराष्ट्रीय और 69 राष्ट्रीय पदक हासिल किए हैं।
खिलाड़ियों और हॉकी टीम का सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो का रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य, शॉटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल, पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीणा, कुलदीप कुमार और फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाबोड़े शामिल रहे। 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
खेल के साथ पर्यटन पर भी फोकस
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि भोपाल का बड़ा तालाब खेल और पर्यटन, दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। सरकार इसका बेहतर उपयोग करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने भोपाल में खेल संग्रहालय बनाने की दिशा में पहल करने का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया। उनका कहना था कि मध्यप्रदेश और भोपाल की खेल उपलब्धियों को एक जगह प्रदर्शित करने से नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
NSS भोपाल चैंपियन, गोवा की टीम दूसरे नंबर पर
राजा भोज नेशनल रैंकिंग सेलिंग चैंपियनशिप-2026 में NSS भोपाल ने खिताब जीता। विजेता टीम में वायु चंद्रवंशी, माही वर्मा, तुलसी पटले, एकलव्य वायम, वंशिका शिकारवार, आर्यन पाटीदार, प्रार्थना मोई, अंकित सिसोदिया, समर पंचेश्वर और सिद्धि टंडन शामिल रहे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन