छत्तीसगढ़ में कॉलेज एडमिशन की तारीख बढ़ी : अब 31 अगस्त तक मिलेगा मौका; खाली सीटों पर ले सकेंगे दाखिला
News Affair Team
Sun, Aug 16, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अब 31 अगस्त तक प्रवेश लिया जा सकेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के उन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में प्रवेश की समय सीमा बढ़ा दी है, जहां अभी सीटें खाली हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इसे छात्रहित में लिया गया फैसला बताया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई विद्यार्थी व्यावहारिक परेशानियों के चलते समय पर प्रवेश नहीं ले पाए। सरकार नहीं चाहती कि सिर्फ प्रवेश की तारीख निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो।

पहले 14 अगस्त तक था मौका
उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक, पहले प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तारीख 31 जुलाई निर्धारित थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से विद्यार्थियों को 14 अगस्त तक प्रवेश का अवसर दिया गया था।
समय सीमा खत्म होने के बाद भी कई कॉलेजों में सीटें रिक्त रह गईं। वहीं दूर-दराज के क्षेत्रों के कई विद्यार्थी समय पर आवेदन नहीं कर सके। इसके बाद शासन ने प्रवेश की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
खाली सीटों पर मिलेगा दाखिले का मौका
अब जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में सीटें उपलब्ध हैं, वहां विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन