अमेरिका में शाहरुख खान का 'नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड' : 100 दिन में तैयार हुआ एक्टर का ड्रीम क्रिकेट स्टेडियम; LAKR को मिला नया होम ग्राउंड
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के नाइट राइडर्स ग्रुप और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) ने अमेरिका में अपना पहला स्थायी क्रिकेट स्टेडियम तैयार कर लिया है। कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स काउंटी के पोमोना स्थित फेयरप्लेक्स में बने 'नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड' का निर्माण महज 100 दिनों में पूरा किया गया।
यह मैदान अब लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (LAKR) का आधिकारिक होम ग्राउंड होगा और अमेरिका में क्रिकेट को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

शाहरुख ने कहा- सपना अब सच बन गया
स्टेडियम के उद्घाटन के बाद शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि जो कभी एक सपना था, वह अब हकीकत बन चुका है। उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों, परिवारों और मनोरंजन पसंद लोगों का इस नए मैदान में स्वागत किया।
उन्होंने इस परियोजना को सफल बनाने के लिए ICC चेयरमैन जय शाह और MLC CEO संजोग गुप्ता का विशेष आभार जताया। शाहरुख ने कहा कि यह मैदान केवल लॉस एंजिल्स के लिए नहीं, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों और पूरे नाइट राइडर्स परिवार को समर्पित है।

वीडियो में नजर आए अली खान, ब्रावो और नरेन
शाहरुख द्वारा जारी वीडियो में पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी तेज गेंदबाज अली खान भी दिखाई दिए, जो अमेरिका की राष्ट्रीय टीम और LAKR का हिस्सा हैं। उनके साथ ड्वेन ब्रावो और सुनील नरेन भी वीडियो में नजर आए, जिससे नाइट राइडर्स परिवार की वैश्विक मौजूदगी का संदेश मिला।

2028 ओलंपिक से भी जुड़ा है स्टेडियम
यह मैदान लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी के बाद यह वेन्यू भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी के लिए अहम दावेदार माना जा रहा है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस मैदान
रिपोर्ट्स के मुताबिक स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 8 मैच पिच तैयार की गई हैं। इसके अलावा ICC मानकों के अनुसार बाउंड्री, आधुनिक आउटफील्ड और 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं, ताकि दिन और रात दोनों समय मुकाबले कराए जा सकें।
MLC में LAKR का अब तक का प्रदर्शन
लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने 2023 में मेजर लीग क्रिकेट के पहले सीजन से हिस्सा लेना शुरू किया था।
2023: 6वां स्थान
2024: 5वां स्थान
2025: 6वां स्थान
अब अपने घरेलू मैदान के साथ टीम आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन