छत्तीसगढ़ की महक U-19 क्रिकेट टीम की उपकप्तान : मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं और बधाई; कहा- प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा
News Affair Team
Sat, Jun 13, 2026
रायपुर.
राजनांदगांव जिले की उभरती हुई युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
महक नरवासे को भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों में उपकप्तान नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
“छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं महक”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महक नरवासे की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियां आज खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां छू रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जो प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महक आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगी और देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने कहा-
खूब खेलो, आगे बढ़ो और नई ऊंचाइयों को छुओ, आपकी सफलता हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
परिवार और कोच भी रहे मौजूद
इस अवसर पर महक नरवासे के पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। महक ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन