सामूहिक विवाह में 7 फेरे लेंगे विधायक दीपेश शर्मा : बेमेतरा MLA मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में करेंगे शादी; 31 मई को होगा आयोजन
News Affair Team
Thu, May 28, 2026
बेमेतरा.
छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को बढ़ावा देने के लिए विधायक दीपेश साहू ने ऐसा फैसला लिया है, जिसकी पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू अब खुद इसी शासकीय योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सात फेरे लेने जा रहे हैं।
प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उनके इस कदम को सादगी, सामाजिक संदेश और वीआईपी संस्कृति से अलग एक नई पहल के तौर पर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब कोई मौजूदा विधायक सरकारी सामूहिक विवाह योजना के मंच पर आम जोड़ों के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे।

31 मई को होगा सामूहिक विवाह समारोह
31 मई को बेमेतरा नगर के बेसिक स्कूल मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विशाल सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू समेत कुल 24 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह सूत्र में बंधेंगे।
जिला प्रशासन कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियों में जुटा हुआ है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, भोजन, आवास और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
फिजूलखर्ची रोकने और सादगी का संदेश
विधायक दीपेश साहू के इस फैसले को सामाजिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनका उद्देश्य महंगे और दिखावटी विवाह आयोजनों की बजाय सादगीपूर्ण शादी को बढ़ावा देना है।
साथ ही यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकती है। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक भूमिका का उदाहरण बताया है।

विधायक बोले- जनप्रतिनिधि खुद उदाहरण बनें
अपने फैसले पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि कोई भी सरकारी योजना तभी सफल मानी जाती है, जब जनप्रतिनिधि खुद उससे जुड़कर समाज के सामने उदाहरण पेश करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मानजनक और सहायक पहल है। ऐसे में समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के शामिल होने की संभावना
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विष्णु देव साय, रमन सिंह सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। आयोजन को लेकर बेमेतरा में उत्साह का माहौल है।
योजना से जुड़ने में बढ़ेगा भरोसा
सामाजिक जानकारों का मानना है कि विधायक के इस कदम से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के प्रति लोगों का भरोसा और बढ़ेगा। खासकर वे परिवार, जो सामाजिक संकोच के कारण सामूहिक विवाह में शामिल होने से बचते हैं, अब प्रेरित हो सकते हैं। प्रदेश में इस पहल को राजनीति से आगे बढ़कर सामाजिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन