जशपुर के 10 हजार बच्चों में से चुने जाएंगे ‘अंतरिक्ष संगवारी’ : CM साय ने किया शुभारंभ; चुने गए बच्चों को मिलेगी स्पेशल एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग; बेंगलुरु में शुभांशु शुक्ला से मुलाकात
News Affair Team
Thu, Aug 27, 2026
जशपुर.
छत्तीसगढ़ के जशपुर के स्कूली बच्चों के लिए अंतरिक्ष की दुनिया से जुड़ने का नया रास्ता खुला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बगिया स्थित कैंप कार्यालय से ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल की शुरुआत की। इसके तहत कक्षा 8वीं से 12वीं तक के करीब 10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग होगी। चयनित विद्यार्थियों को विशेष अंतरिक्ष प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें बेंगलुरु भ्रमण का अवसर भी मिलेगा।
खास बात यह है कि बेंगलुरु यात्रा के दौरान चयनित विद्यार्थियों को अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से संवाद करने का मौका मिलेगा। जिला प्रशासन जशपुर और IDYM Foundation के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई यह पहल बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष यात्रा और एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग की बारीकियों से परिचित कराएगी।

किताबों से बाहर निकलकर अंतरिक्ष को समझेंगे बच्चे
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर के बच्चों में प्रतिभा और सीखने की क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा-
‘अंतरिक्ष संगवारी’ के जरिए अंतरिक्ष विज्ञान सिर्फ किताबों का विषय नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों को इसे करीब से जानने-समझने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा बढ़ेगी।
10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग, कई चरणों में होगा चयन
कार्यक्रम में जशपुर के सभी 8 विकासखंडों को शामिल किया गया है। 8वीं से 12वीं तक के करीब 10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में परीक्षा, मूल्यांकन और साक्षात्कार जैसे चरण होंगे। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले और अंतरिक्ष विज्ञान में विशेष रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को आगे के प्रशिक्षण के लिए चुना जाएगा।
15 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन, 26 सितंबर को परीक्षा
‘अंतरिक्ष संगवारी’ के लिए घोषणा 27 अगस्त को की गई है। विद्यार्थियों के लिए पंजीयन की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 रखी गई है।
26 सितंबर: परीक्षा
27-29 सितंबर: मूल्यांकन और इंटरव्यू
1-7 अक्टूबर: रायपुर में विशेष प्रशिक्षण
15 अक्टूबर से: बेंगलुरु यात्रा प्रस्तावित
26 अक्टूबर: पुरस्कार समारोह
बेंगलुरु में विज्ञान संस्थानों को करीब से देखने का मौका
चयनित विद्यार्थियों को बेंगलुरु में अंतरिक्ष और विज्ञान से जुड़े संस्थानों एवं गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इसी दौरान अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से मुलाकात और उनके अनुभव जानने का अवसर भी प्रस्तावित है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, रिसर्च और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में करियर के लिए प्रेरित करना है।
दूरस्थ इलाकों के बच्चों को भी बड़े सपने देखने का मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने बच्चों से बड़े सपने देखने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन