ओंकारेश्वर में ₹2,200 करोड़ के पंचायतन मंदिर का शिलान्यास : CM मोहन यादव ने सपत्नीक किया हवन-पूजन; बोले- नई पीढ़ी तक पहुंचेगा सनातन ज्ञान
News Affair Team
Thu, Aug 27, 2026
भोपाल.
तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार सुबह धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल के बीच लगभग ₹2,200 करोड़ की लागत से बनने वाले पंचायतन मंदिर का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एकात्म धाम परिसर में संत-महात्माओं और धर्माचार्यों की मौजूदगी में सपत्नीक हवन-पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने आदि गुरु शंकराचार्य और संतों को नमन करके की। इसके बाद उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत, धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

CM बोले- भारतीय दर्शन का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचेगा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि एकात्म धाम को भारतीय दर्शन, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक ज्ञान की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाले केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर केवल ज्योतिर्लिंग की पवित्र भूमि नहीं है, बल्कि यह आदि शंकराचार्य की तपस्या, साधना और ज्ञान परंपरा से जुड़ी धरती भी है। एकात्म धाम के विकास से इस विरासत को व्यापक स्वरूप मिलेगा और भारतीय दर्शन का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचेगा।



चारों दिशाओं में होंगे अलग-अलग मंदिर
पंचायतन मंदिर का निर्माण प्राचीन नागर स्थापत्य शैली में किया जाएगा। मंदिर के केंद्र में भगवान शिव का मुख्य मंदिर होगा। चारों दिशाओं में भगवान विष्णु, सूर्य, गणेश और भगवती शक्ति के मंदिर बनाए जाएंगे। मंदिर में चारों दिशाओं से प्रवेश की व्यवस्था होगी। इसके निर्माण में करीब 100 नक्काशीदार स्तंभ, 26 फीट व्यास का विशाल गुंबद और 121 कलश लगाए जाएंगे।


80 हजार घन फीट गुलाबी बलुआ पत्थर लगेगा
मंदिर निर्माण में करीब 80 हजार घन फीट नक्काशीदार गुलाबी बलुआ पत्थर इस्तेमाल किया जाएगा। भव्य तोरण-द्वार और पत्थरों पर की जाने वाली बारीक नक्काशी मंदिर की स्थापत्य खूबसूरती को और बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मांधाता पर्वत पर विकसित हो रहा एकात्म धाम आने वाले समय में श्रद्धा, संस्कृति, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनेगा।

सिंहस्थ से पहले निकलेगी एकात्म यात्रा
सिंहस्थ-2028 से पहले भव्य एकात्म यात्रा निकालने की योजना है। इसका समापन सिंहस्थ के दौरान होगा। यात्रा के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, संत परंपरा और एकात्म दर्शन का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन