BJP सांसद बोले- नींबू काटा तब बारिश रुकी : भोजराज नाग ने कहा- महादेव से प्रार्थना कर पानी रोक दिया; कांग्रेस ने पूछा- महंगाई भी रोकेंगे?
News Affair Team
Thu, Aug 27, 2026
बालोद.
छत्तीसगढ़ के कांकेर से भाजपा सांसद भोजराज नाग का एक बयान इन दिनों चर्चा में है। डौंडीलोहारा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दावा किया कि खराब मौसम के बीच उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना कर नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई। सांसद ने कहा कि कार्यक्रम सफल होने के बाद अब बारिश होनी है तो हो जाए। उनका यह बयान कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को डौंडीलोहारा पहुंचे थे। यहां उन्होंने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी की। कार्यक्रम के दौरान बारिश की आशंका और खराब मौसम का जिक्र करते हुए सांसद भोजराज नाग ने अपने अंदाज में बारिश रुकने का दावा किया।

सांसद भोजराज नाग ने कहा-
मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल रात करीब 12 बजे जारी हुआ था। मौसम खराब था, लेकिन उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटकर बारिश रोक दी।
सांसद ने आगे कहा कि कार्यक्रम सफल हो गया है, अब पानी को गिरना है तो गिरे। उनके इस बयान पर मंच पर मौजूद नेताओं के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी और सभा में भी ठहाके लगे।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सांसद के बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ यूजर्स ने उनके दावे पर सवाल उठाए तो कुछ ने इसे लेकर तंज भी कसा। एक यूजर ने लिखा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक सकती है तो महंगाई और बिजली के बिल भी कम करवाए जाएं।

कांग्रेस ने साधा निशाना
सांसद के बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि अगर नींबू काटने से समस्याएं दूर हो सकती हैं तो महंगाई रोकने के लिए भी नींबू काटिए। पेट्रोल और शक्कर के दाम कम करवाइए और बिजली के बिल घटाइए।
पूर्व पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने भी सांसद के बयान पर सवाल उठाते हुए महंगाई और बढ़े हुए बिजली बिल का मुद्दा उठाया।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी कहा-
यदि नींबू काटकर बारिश रोकी जा सकती है तो इसका इस्तेमाल जनता की दूसरी समस्याओं के समाधान के लिए भी किया जाना चाहिए।
पहले भी नींबू वाले बयान से चर्चा में रहे हैं भोजराज नाग
भोजराज नाग इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। करीब नौ महीने पहले धमतरी में अधिकारियों को लेकर उन्होंने कहा था कि जो अधिकारी जनता की समस्याओं पर फोन नहीं उठाएंगे या शिकायतों का समाधान नहीं करेंगे, उन सभी के लिए नींबू काटेंगे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन