सिक्किम@50 : PM मोदी बोले- लोकतांत्रिक भविष्य की ओर बढ़ा सिक्किम ; 50 सालों में प्रगति और प्रकृति का अनूठा संगम बना राज्य
नई दिल्ली/गंगटोक.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 29 मई 2025 को सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विशेष समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने 'सिक्किम@50: जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को पोषित करती है' कार्यक्रम में भाग लेते हुए राज्यवासियों को बधाई दी और सिक्किम की उपलब्धियों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा, "50 साल पहले सिक्किम ने अपने लिए एक लोकतांत्रिक भविष्य चुना। भारतीय भावना को आत्मसात करते हुए सिक्किम के लोगों ने यह भरोसा जताया कि जब हर आवाज़ सुनी जाएगी और हर अधिकार की रक्षा होगी, तभी समान अवसरों के साथ प्रगति संभव है।" उन्होंने कहा कि आज यह विश्वास और भी मजबूत हुआ है, और देश ने सिक्किम की सतत प्रगति के शानदार परिणाम देखे हैं।

'100% ऑर्गेनिक राज्य बना सिक्किम, देश का गर्व'
प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम को प्रकृति और प्रगति के संतुलन का मॉडल बताते हुए कहा, "सिक्किम 100 फीसदी ऑर्गेनिक स्टेट बन चुका है। यह देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां प्रति व्यक्ति आय सबसे अधिक है। यह सब आपके सामूहिक प्रयास और संकल्प का परिणाम है। सिक्किम आज पूरे भारत का गर्व है।"

'उत्तर-पूर्व को बनाया विकास का केंद्र'
प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के साथ सभी राज्यों को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। "जब मैंने 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, तभी यह स्पष्ट कर दिया था कि भारत के विकास में हर राज्य और क्षेत्र की समान भागीदारी जरूरी है। इसी सोच के साथ उत्तर-पूर्वी भारत को हमारी सरकार ने विकास के केंद्र में रखा है।" उन्होंने आगे कहा कि सरकार ‘एक्ट ईस्ट नीति’ को ‘एक्ट फास्ट दृष्टिकोण’ के साथ आगे बढ़ा रही है, ताकि इस क्षेत्र की अपार संभावनाओं को जल्दी और प्रभावी रूप से साकार किया जा सके।


'राइजिंग नॉर्थ ईस्ट समिट में दिखा निवेशकों का उत्साह'
प्रधानमंत्री ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित राइजिंग नॉर्थ ईस्ट समिट का भी उल्लेख किया।
"कुछ ही दिन पहले दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट इन्वेस्टमेंट समिट हुई जिसमें देश के कई प्रमुख उद्योगपतियों ने भाग लिया। इस समिट में सिक्किम सहित पूरे उत्तर-पूर्व क्षेत्र में निवेश की घोषणा हुई। यह इस क्षेत्र में संभावनाओं और विश्वास का प्रतीक है।"

'हरित पहलों का मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान'
प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम की हरित नीतियों और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए कार्यों की भी विशेष रूप से प्रशंसा की। "सिक्किम ने पिछले पचास वर्षों में पर्यावरण के प्रति जागरूक और संतुलित शासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। राज्य की हरित पहल और पर्यावरण नेतृत्व को न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सराहा गया है।"
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन