Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

8th October 2026

ब्रेकिंग

5.25% से 5.50% हुआ ब्याज; होम-कार लोन की EMI बढ़ सकती है, महंगाई का अनुमान भी बढ़ा

85 कंपनियों ने 2 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को चुना; CM साय कल देंगे नियुक्ति पत्र

मारपीट की कोशिश, कोर्ट में पेशी पर बवाल; वकीलों ने पैरवी से किया इनकार

हेटमायर का अजीब रनआउट; भारत-वेस्टइंडीज पहले टी20 के 6 रिकॉर्ड

रायपुर में CM साय ने जलाई मशाल; PM मोदी के 25 साल पर पूरे प्रदेश में मशाल यात्रा

एसिड अटैक के आरोपियों पर भीड़ ने कालिख पोती : मारपीट की कोशिश, कोर्ट में पेशी पर बवाल; वकीलों ने पैरवी से किया इनकार

News Affair Team

Wed, Oct 7, 2026

बालोद.

छत्तीसगढ़ के बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक के आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश करने के दौरान जमकर विरोध हुआ। पुलिस जब मुख्य आरोपी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को न्यायालय लेकर पहुंची तो भीड़ ने दोनों पर हमला करने की कोशिश की। आरोपियों के चेहरे पर कालिख पोती गई और उनके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों को भीड़ से बचाया। बाद में सुरक्षा के बीच उन्हें जेल भेजा गया।

मामले में बालोद पुलिस ने यश सोनकर और करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यश ने छात्रा से शादी करना चाहा था। उसके इनकार और किसी दूसरे युवक से बातचीत के शक के बाद उसने अपने दोस्त करण के साथ मिलकर एसिड अटैक की साजिश रची।

कोर्ट पहुंचते ही आरोपियों को देखकर भड़की भीड़

मंगलवार को दोनों आरोपियों को पुलिस न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग और छात्र-छात्राएं कोर्ट के आसपास जुट गए। आरोपियों को देखते ही लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और फांसी की मांग उठाई।

भीड़ ने दोनों आरोपियों के चेहरे पर कालिख पोती और उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने घेरा बनाकर आरोपियों को भीड़ से बाहर निकाला। हालात को देखते हुए जेल ले जाते समय पुलिस को भी रास्ता बदलना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, दोनों को कोर्ट से जेल भेज दिया गया। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को हेलमेट पहनाकर वाहन तक पहुंचाया।

डेढ़ घंटे तक कोर्ट के बाहर नारेबाजी

छात्र-छात्राओं ने करीब डेढ़ घंटे तक न्यायालय के आसपास प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान कोर्ट परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने लोगों को आरोपियों के करीब जाने से रोक दिया। बालोद के अधिवक्ताओं ने भी आरोपियों की पैरवी नहीं करने की बात कही है।

लाइब्रेरी से लौट रही छात्रा पर हुआ था हमला

घटना 5 अक्टूबर की दोपहर करीब 12:30 बजे की है। 22 वर्षीय छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। सिंचाई कॉलोनी के पास एक युवक ने पीछे से उस पर एसिड फेंक दिया और फरार हो गया।

हमले में छात्रा का चेहरा और शरीर का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे पहले बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत को देखते हुए बाद में रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया। नई जानकारी के मुताबिक, छात्रा की दायीं आंख की रोशनी चली गई है और उसके एक हाथ पर भी गंभीर जलने के निशान हैं।

पुलिस के मुताबिक- यश ने रची थी साजिश, करण ने फेंका एसिड

पुलिस जांच में सामने आया कि यश सोनकर इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता है, जबकि करण कुंजाम ने कथित तौर पर छात्रा पर एसिड फेंका। पुलिस के अनुसार, यश और छात्रा पहले परिचित थे। यश छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन छात्रा इसके लिए तैयार नहीं थी। पुलिस का कहना है कि उसे छात्रा के किसी दूसरे युवक से बातचीत करने का भी शक था। इसी नाराजगी में उसने अपने स्कूल के दोस्त करण के साथ मिलकर हमला करने की योजना बनाई।

26 सितंबर को दोस्त को बालोद बुलाया, 27 को खरीदा एसिड

पुलिस के मुताबिक, यश ने करण को 26 सितंबर को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया था। अगले दिन दोनों ने कथित तौर पर एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान छात्रा पर हमला करने की योजना बनाई।

हालांकि, उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण दोनों ने योजना टाल दी। इसके बाद 5 अक्टूबर को छात्रा के लाइब्रेरी से लौटने के समय हमला किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एसिड और आरोपियों के घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त किए हैं।

हमले के बाद तांदुला डैम की ओर भागा था करण

पुलिस के मुताबिक, एसिड फेंकने के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध की ओर गया। इसके बाद वह अलग-अलग रास्तों से होते हुए आगे निकला। इधर पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में यश की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया गया था।

छात्रा MA कर चुकी, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी

जानकारी के मुताबिक, छात्रा MA की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसके पिता पुलिस विभाग में पदस्थ हैं। घटना के बाद छात्रा का इलाज रायपुर में जारी है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

छात्रा से मिलने पहुंचीं विधायक

घटना की जानकारी मिलने के बाद संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा रायपुर पहुंचीं और अस्पताल में छात्रा से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भी घटना पर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इससे संबंधित यह खबर भी पढ़ें... लव अफेयर में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन