Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

10th November 2026

ब्रेकिंग

21 KM की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालु,; 2 हजार किलो हलवे से बने गिरिराज

3 महिलाओं का भी किया था यौन शोषण; जज बोले- आप बन चुके थे ‘यौन शिकारी’

पुणे-वडोदरा रेस में आगे; नई फ्रेंचाइजी की कीमत ₹8,900 करोड़ से ज्यादा हो सकती है

नक्सल मुक्त पंचायतों को ₹1 करोड़ देने का वादा कहां गया; राहुल गांधी की बहस की चुनौती स्वीकार करें प्रधानमंत्री

9 संस्थानों के सभी खाद्य नमूने जांच में अमानक; पनीर, दही भी गुणवत्ता पर खरी नहीं उतरी

गोवर्धन पूजा पर ब्रज में 40 देशों से पहुंचे 10 हजार से ज्यादा विदेशी : 21 KM की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालु,; 2 हजार किलो हलवे से बने गिरिराज

मथुरा.

मथुरा और वृंदावन में गोवर्धन पूजा पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचे हैं। कई भक्त दंडवत यानी लेट-लेटकर परिक्रमा कर रहे हैं, तो कहीं 56 भोग लगाकर गिरिराज महाराज की पूजा की जा रही है। इस बार 40 देशों से 10 हजार से ज्यादा विदेशी श्रद्धालु भी ब्रज पहुंचे हैं। मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर भजन-कीर्तन के बीच ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्त झूम रहे हैं।

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के बाहर करीब 3 किलोमीटर लंबी कतार लगी है। रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। मंदिर की ओर जाने वाली गलियां सुबह से ही भीड़ से भरी हुई हैं। श्रद्धालु 'जय राधे-जय कृष्ण', 'जय बांके बिहारी' और 'जय गिरिराज महाराज' के जयकारे लगा रहे हैं। अब तक 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के दर्शन करने की जानकारी दी गई है।

इस्कॉन में 2 हजार किलो हलवे से बनाया गिरिराज जी का स्वरूप

वृंदावन की इस्कॉन गोशाला में सूजी के हलवे से गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप तैयार किया गया है। इसके लिए करीब 2 हजार किलो हलवे का इस्तेमाल किया गया। अमेरिका से आईं गौरा मणि देवी दासी ने 250 किलो हलवा तैयार किया। उन्होंने बताया कि आमतौर पर 100 किलो हलवा बनाया जाता है, लेकिन इस बार मात्रा बढ़ाकर 250 किलो की गई है।

गौरा मणि देवी दासी ने 'श्री गोवर्धन महाराज, तेरे माथे मुकुट बिराज रह्यो' भजन भी सुनाया। उन्होंने कहा कि वृंदावन आकर मन को सुकून मिलता है। इस्कॉन गोशाला में विदेशी महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन किया और नृत्य के साथ गोवर्धन पूजा में हिस्सा लिया।

इस्कॉन के CFO विष्णु राम दास के मुताबिक, अन्नकूट महोत्सव में 30 से 40 देशों के श्रद्धालु शामिल हुए हैं। इनमें कई भक्त एक महीने तक चलने वाली ब्रजमंडल परिक्रमा में भी हिस्सा लेते हैं। अलग-अलग देशों से आए श्रद्धालु अपने पारंपरिक व्यंजन भी तैयार करते हैं। इटली के भक्त इटालियन और जर्मनी के श्रद्धालु जर्मन व्यंजन बनाते हैं।

अमेरिका और पोलैंड से आए भक्तों ने बताया गोवर्धन पूजा का महत्व

अमेरिका से आईं गौरा मणि देवी दासी ने कहा कि गिरिराज जी के लिए हलवा तैयार करना उनके लिए विशेष अनुभव है। वहीं, पोलैंड से आईं गौराबैनी देवी दासी ने बताया कि उन्होंने मिठाइयों और चावल से बने पकवानों से गोवर्धन पर्वत का स्वरूप तैयार किया है। उनके मुताबिक, वृंदावन में इस आयोजन के जरिए शास्त्रों में वर्णित अन्नकूट की परंपरा को जीवंत किया जा रहा है।

विदेशी श्रद्धालु पांचगौड़ा दास ने गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र की भारी बारिश से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को सात दिनों तक अपनी उंगली पर उठाए रखा था। उनके अनुसार, इस पर्वत के नीचे ग्वाल-बाल, गोपियां और गायें सुरक्षित रहीं।

एक अन्य विदेशी श्रद्धालु ने दीपावली को अंधकार पर प्रकाश की जीत बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और हरे कृष्ण महामंत्र उनके लिए इसी प्रकाश का प्रतीक हैं।

'ब्रज की गोवर्धन पूजा का आनंद कहीं और नहीं'

दिल्ली से आई एक श्रद्धालु ने बताया कि वह गिरिराज जी की परिक्रमा करने पहुंची हैं। चारों ओर भक्तों की भीड़ और भक्ति का माहौल देखकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है।

नोएडा से आईं सुमन शर्मा ने कहा कि नोएडा और ब्रज में गोवर्धन पूजा के उत्सव में जमीन-आसमान का अंतर है। उनके मुताबिक, ब्रज में आकर गिरिराज जी के दर्शन और पूजा करने का अनुभव अलग ही है।

बांके बिहारी मंदिर से जतीपुरा तक भक्तों की भीड़

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी है। वहीं, गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित मुकुट मुखारबिंद जतीपुरा मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु लोटे और गिलास में दूध लेकर अभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर परिसर में लगातार माइक से अनाउंसमेंट किया जा रहा है।

माधव गौड़ीय मठ में भी देश-विदेश से भक्त पहुंचे हैं। कई श्रद्धालु अपने साथ सजे-धजे लड्डू गोपाल लेकर आए हैं। परिवार और दोस्तों के साथ आए ये भक्त मंदिर के बाहर बैठकर दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

केशव धाम में दत्तात्रेय होसबोले करेंगे गिरिराज महाराज का पूजन

वृंदावन स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय केशव धाम में भी गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जा रहा है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी और 'केशव प्रभा' पत्रिका का विमोचन होगा। दोपहर करीब डेढ़ बजे RSS के सर सहकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले गिरिराज महाराज का पूजन करेंगे। इसके बाद दो बजे अन्नकूट प्रसाद वितरित किया जाएगा।

क्यों मनाई जाती है गोवर्धन पूजा?

पौराणिक मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी वर्षा और खेती के लिए इंद्र की पूजा करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें इंद्र के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया। इससे नाराज होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। तब श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सात दिन तक ब्रजवासियों को उसके नीचे आश्रय दिया। अंत में इंद्र का अहंकार टूटा और उन्होंने वर्षा रोक दी। इसी प्रसंग की याद में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है।

मानसी गंगा और दान घाटी का भी विशेष महत्व

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर मानसी गंगा का विशेष धार्मिक महत्व है। पौराणिक कथा के अनुसार, इंद्र ने श्रीकृष्ण से क्षमा मांगने के लिए सुरभि गाय और ऐरावत हाथी के साथ यहां पहुंचकर उनका अभिषेक किया था। इसी प्रसंग से मानसी गंगा और हरिहर मंदिर की मान्यता जुड़ी है।

दान घाटी मंदिर को गोवर्धन परिक्रमा का प्रमुख शुरुआती पड़ाव माना जाता है। मान्यता है कि यहां श्रीकृष्ण गोपियों की मटकी से माखन लेकर खाते थे, इसी वजह से इस स्थान का नाम दान घाटी पड़ा।

दान घाटी मंदिर के महंत पवन जी के मुताबिक, दीपावली के अगले दिन ठाकुर जी को सुबह जगाकर पंचामृत से स्नान कराया जाता है। इसके बाद इत्र, फूल और मालाओं से श्रृंगार होता है। शाम को गिरिराज जी को अन्नकूट का विशेष भोग अर्पित किया जाता है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन