अमूल, गोवर्धन और वचन घी के सैंपल फेल : 9 संस्थानों के सभी खाद्य नमूने जांच में अमानक; पनीर, दही भी गुणवत्ता पर खरी नहीं उतरी
News Affair Team
Tue, Nov 10, 2026
बिलासपुर.
दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ी हुई है, लेकिन बिलासपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। करीब एक महीने पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के 9 संस्थानों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में इन सभी संस्थानों के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
जांच में अमूल, गोवर्धन और वचन ब्रांड के घी के नमूने भी फेल पाए गए। इनके अलावा पनीर, दही, अंडा करी, चना और पोहा के नमूनों में भी गुणवत्ता संबंधी खामियां मिली हैं। रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने संबंधित संस्थानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

तीन ब्रांड के घी के नमूने भी जांच में फेल
खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने शौर्य सुपर मार्ट से अमूल और गोवर्धन ब्रांड के घी के नमूने लिए थे। जांच में दोनों नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसी तरह अपना मार्ट, देवरीखुर्द से लिए गए वचन ब्रांड के घी का नमूना भी फेल हो गया। इस रिपोर्ट में केवल घी ही नहीं, बल्कि होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले पनीर की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे हैं।
अलीमेंटो कैफे, सेलेस्टी और अलाकार्ट का पनीर अमानक
प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद खाद्य विभाग ने जिले के कई संस्थानों से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। नेशनल डेयरी, अलीमेंटो कैफे, अलाकार्ट, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेस और सेलेस्टी रेस्टोरेंट से लिए गए पनीर के नमूने जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
अलाकार्ट से लिया गया दही का नमूना भी अमानक पाया गया। वहीं, गरिमा फैमिली ढाबा से ली गई अंडा करी की जांच रिपोर्ट भी फेल रही। रिलायंस रिटेल भाटापारा से लिए गए चना और लाल किला पोहा के नमूने भी गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
दीपावली पर मिठाई दुकानों से भी लिए गए नमूने
त्योहार के दौरान मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य विभाग ने जिले में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानों से खोवा, कंदा, बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लिए गए।
बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूना बिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कंदा और बेसन लड्डू के नमूने लिए गए। बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का सैंपल लिया गया। इसके अलावा सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण किया गया।
श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन से बेसन लड्डू और खोवा के नमूने लिए गए। विनायक मावा और मनोज गुप्ता की दुकान से भी खोवा के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
रिपोर्ट आने में एक महीने का समय, तब तक बिक चुकी होंगी मिठाइयां
दीपावली के दौरान लिए गए मिठाइयों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने में करीब एक महीने का समय लग सकता है। यानी जांच के नतीजे सामने आने तक बाजार में इन मिठाइयों की बिक्री हो चुकी होगी। यदि जांच में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी मिलती है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट के आधार पर बाद में कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के भंडारण में भी कमियां मिली थीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित दुकानों को सुधार सूचना यानी इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने के लिए अभिहित अधिकारी को अनुशंसा भेजी है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: देवांगन
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि पिछले एक महीने में आई जांच रिपोर्ट में 9 संस्थानों के खाद्य पदार्थों के नमूने फेल पाए गए हैं। संबंधित संस्थानों के खिलाफ अब वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने में करीब एक महीने का समय लगेगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन