दिलजीत के अहमदाबाद कॉन्सर्ट में चले लात-घूंसे : बैन के बावजूद ई-सिगरेट पीने का वीडियो वायरल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अहमदाबाद.
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट एक बार फिर विवादों में आ गया है। 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए उनके शो के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में कुछ युवक आपस में लात-घूंसे चलाते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे में एक व्यक्ति कथित तौर पर ई-सिगरेट पीता दिखाई दे रहा है। कॉन्सर्ट में इन चीजों पर प्रतिबंध होने के बावजूद वीडियो सामने आने के बाद आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश द्वारों पर हुई जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वायरल वीडियो में कुछ युवक पहले एक-दूसरे से बहस करते दिखाई देते हैं। इसके बाद विवाद हाथापाई में बदल जाता है। युवक एक-दूसरे को धक्का देते और लात मारते नजर आते हैं। मौके पर मौजूद दूसरे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

हालांकि, विवाद किस बात पर शुरू हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। मारपीट में शामिल युवकों की पहचान और घटना को लेकर पुलिस या आयोजकों की ओर से आधिकारिक जानकारी भी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
बैन के बावजूद ई-सिगरेट कैसे पहुंची स्टेडियम के अंदर?
दूसरे वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर ई-सिगरेट का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। जबकि कॉन्सर्ट में ई-सिगरेट, वेप, सिगरेट, लाइटर और तंबाकू उत्पाद ले जाने की मनाही थी।
इसके अलावा कांच की बोतलें, कैन, खाने-पीने की बाहरी चीजें, बैनर, पोस्टर, झंडे और हथियार सहित कई सामान प्रतिबंधित सूची में शामिल थे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रतिबंधित डिवाइस सुरक्षा जांच के बावजूद स्टेडियम के अंदर कैसे पहुंची।

गानों पर रोक को लेकर दिलजीत ने कोल्डप्ले से की तुलना
अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन की ओर से दिलजीत के कुछ गानों पर आपत्ति जताई गई थी। इनमें 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम' और 'जट्ट फायर करदा' जैसे गाने शामिल थे। इन पर शराब, नशे और हथियार संस्कृति को बढ़ावा देने की आशंका जताई गई थी।
इस विवाद पर मंच से दिलजीत ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने विदेशी बैंड कोल्डप्ले के गानों का उदाहरण देते हुए कहा कि जब विदेशी कलाकार अपने गानों में नशे से जुड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, तब आपत्ति नहीं होती, लेकिन उनके गानों पर रोक लगाने की बात की जाती है।
दिलजीत ने कहा कि उनका जन्म भारत में हुआ है और उनके साथ काम करने वाले संगीतकार भी भारतीय हैं। उन्होंने भारतीय और विदेशी कलाकारों के साथ अलग-अलग रवैया अपनाए जाने पर सवाल उठाया।
इंदौर में भी गानों पर रोक और बम धमकियों को लेकर हुआ था विवाद
अहमदाबाद से पहले 15 नवंबर को दिलजीत ने इंदौर में कॉन्सर्ट किया था। शो से पहले कई संस्थानों और मेयर कार्यालय को बम धमकी वाले ई-मेल मिले थे। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं। कॉन्सर्ट रद्द होने की अटकलों के बीच दिलजीत ने सोशल मीडिया लाइव के जरिए कार्यक्रम में आने की पुष्टि की थी।
इंदौर में भी प्रशासन ने उनके चार गानों पर आपत्ति जताई थी। कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने राहत इंदौरी का मशहूर शेर पढ़ते हुए कहा था- 'सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।' उन्होंने कहा था कि तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने इंदौर आने का अपना वादा निभाया।
मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ में होंगे अगले शो
दिलजीत दोसांझ के Aura India Tour 2026 के तहत देश के अलग-अलग शहरों में कॉन्सर्ट हो रहे हैं। अहमदाबाद के बाद उनका अगला शो 27 नवंबर को मुंबई में होगा। इसके बाद 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में परफॉर्म करेंगे। आधिकारिक टूर शेड्यूल में आगे चंडीगढ़ और कोलकाता के शो भी शामिल हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन