भारत-पाकिस्तान हॉकी महामुकाबला आज : 10 साल से अजेय टीम इंडिया की नजर जीत पर; हारते ही पाकिस्तान वर्ल्ड कप से बाहर
News Affair Team
Wed, Aug 19, 2026
एम्सटेलवीन.
हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। पूल-D का यह हाईवोल्टेज मुकाबला नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वागेनर हॉकी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। भारत के लिए यह मैच अगले राउंड में जगह पक्की करने का मौका है, जबकि पाकिस्तान के लिए मुकाबला लगभग करो या मरो की स्थिति वाला है।
भारत का पाकिस्तान के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच पिछले 19 मुकाबलों में भारत ने 17 जीत दर्ज की हैं, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 के साउथ एशियन गेम्स के फाइनल में भारत को 1-0 से हराया था।

हालिया प्रदर्शन भी भारत के पक्ष में है। इसी साल प्रो लीग के यूरोपियन लेग में भारत ने पाकिस्तान को लगातार दो मैचों में 7-1 और 4-3 से शिकस्त दी थी। जून में हुए आखिरी मुकाबले में भारत ने 7-1 से बड़ी जीत दर्ज की थी।
भारत जीता तो अगले राउंड की राह साफ
भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत वेल्स को 3-1 से हराकर की थी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ उसे हार मिली। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत के लिए बेहद अहम होगी। वहीं पाकिस्तान के लिए स्थिति ज्यादा मुश्किल है। टीम को अगले दौर की उम्मीद बनाए रखने के लिए भारत के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी।
वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा भारी, लेकिन पाकिस्तान की 2 जीत
वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमें अब तक पांच बार भिड़ चुकी हैं। भारत ने तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को दो मैचों में जीत मिली है। दोनों की पिछली वर्ल्ड कप भिड़ंत 2010 में नई दिल्ली में हुई थी। तब भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था। सबसे यादगार मुकाबला 1975 का फाइनल रहा। भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर अपना पहला और अब तक का इकलौता हॉकी वर्ल्ड कप खिताब जीता था।

इसी स्टेडियम में 53 साल पहले भी भिड़े थे
भारत-पाकिस्तान की हॉकी प्रतिद्वंद्विता का इस मैदान से भी पुराना रिश्ता है। 1973 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में दोनों टीमें वागेनर स्टेडियम में भिड़ी थीं। भारत ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी। बीपी गोविंदा ने 62वें मिनट में निर्णायक गोल किया था।
हरमनप्रीत पर रहेंगी नजरें
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह टूर्नामेंट में अब तक टीम के सबसे सफल स्कोरर हैं। उन्होंने दो मैचों में तीन गोल किए हैं और सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए हैं।पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय टीम को उनके ड्रैग-फ्लिक से गोल की उम्मीद होगी।
दोनों टीमों के प्रमुख खिलाड़ी
भारत: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अभिषेक, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, सुमित, नीलकांत शर्मा, आदित्य अर्जुन लालगे, मोहिथ शशिकुमार, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, विवेक सागर प्रसाद, सुखजीत सिंह, यशदीप सिवाच, संजय, सूरज करकेरा, राजिंदर सिंह और शिलानंद लाकड़ा।
पाकिस्तान: महमूद अबू (कप्तान), वकार, मोहम्मद अब्दुल्ला, सुफियान खान, मोइन शकील, वहीद अशरफ राणा, हन्नान शाहिद, जिक्रिया हयात, अरशद लियाकत, अदील लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, अम्माद बट, मोहम्मद हम्मादुद्दीन, अब्दुल रहमान, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू महमूद, अली रजा और अब्दुल मनान।
आज के मुकाबले
इंग्लैंड vs वेल्स — शाम 4:00 बजे
भारत vs पाकिस्तान — शाम 6:30 बजे
फ्रांस vs जर्मनी — रात 8:30 बजे
भारत-पाकिस्तान मुकाबले का भारतीय समय शाम 6:30 बजे है। भारतीय दर्शक मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर देख सकते हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन