RCB विक्ट्री परेड में भगदड़ : 8 की मौत, 24 घायल; बेंगलुरु में जीत का जश्न मातम में बदला, सरकार पर लापरवाही के आरोप
बेंगलुरु.
IPL 2025 की चैंपियन बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विजय परेड के दौरान बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर उमड़ी भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को फौरन पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसा उस वक्त हुआ जब विधानसभा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा टीम का सम्मान किया जा रहा था और चिन्नास्वामी स्टेडियम में फैंस की एंट्री चल रही थी। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

हजारों फैंस की भीड़, प्रशासन चौंका
RCB की ऐतिहासिक जीत के जश्न में बेंगलुरु में लाखों लोग सड़कों पर उतर आए थे। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। गर्व जरूर करें, लेकिन जीवन से बड़ा कुछ नहीं होता।” उन्होंने कहा कि स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी महेश ने बताया, “लोग विराट कोहली और टीम को देखने के लिए बेताब थे। कई लड़कियां गेट पर धक्का-मुक्की कर रही थीं। मैंने तीन लड़कियों को गिरते हुए देखा, लेकिन कोई उन्हें बचाने नहीं आया। पुलिस भीड़ के सामने बेबस दिखी।”
तस्वीरों में देखिए हादसा...




RCB का जश्न, लेकिन सतर्कता में चूक
RCB की टीम जब एयरपोर्ट पर पहुंची, तब से ही भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। पहले विधानसभा में टीम को सम्मानित किया गया और फिर टीम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहुंची, जहां विक्ट्री सेलिब्रेशन की शुरुआत हुई। कप्तान रजत पाटीदार, विराट कोहली, क्रुणाल पंड्या और कोच दिनेश कार्तिक ने ट्रॉफी को हजारों फैंस के सामने प्रदर्शित किया।
BJP ने कहा- बिना तैयारी की रैली से हुआ हादसा
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब पूरी दुनिया RCB की जीत का जश्न मना रही थी, तब सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकाल दी। प्रचार की जल्दी में सरकार ने सुरक्षा नजरअंदाज कर दी। न पुलिस थी, न एम्बुलेंस।”
न्यायिक जांच की मांग
भाजपा विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष चालावाड़ी नारायणस्वामी ने कहा, “सरकार को भीड़ का अंदाजा नहीं था, न ही जरूरी सावधानियां बरती गईं। यह सुरक्षा में गंभीर चूक है। मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए।”
BCCI और IPL फ्रेंचाइज़ी ने जताया शोक
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, “यह एक अप्रत्याशित और दुखद घटना है। हम मृतकों और घायलों की हर संभव मदद करेंगे। IPL फ्रेंचाइज़ी और कर्नाटक सरकार के संपर्क में हैं। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि एक मानवीय त्रासदी है।”


फैंस बोले— न बाहर निकल पाए, न अंदर जा सके
भीड़ में मौजूद एक फैन ने बताया, “स्टेडियम के अंदर कोई जगह नहीं थी। पुलिस अंदर नहीं जाने दे रही थी और हमें बाहर भी नहीं जाने दिया गया। गेट पर भीड़ बहुत थी, लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे।”
हरभजन सिंह बोले- कोहली के लिए भावुक हूं
RCB की जीत पर पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा, “मैं विराट कोहली के लिए बहुत खुश हूं। उन्होंने 17 साल मेहनत की और अंततः ट्रॉफी पाई। RCB फैंस की वफादारी असाधारण है। 18वें सीजन में ट्रॉफी मिलना विशेष है। विराट इस खेल के लीजेंड हैं और उन्हें हर ट्रॉफी मिलनी चाहिए।”
RCB ने जहां पहली बार IPL ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा, वहीं जश्न का यह आयोजन सरकारी लापरवाही और प्रशासनिक चूक का प्रतीक बन गया। भीड़ प्रबंधन की नाकामी ने इस ऐतिहासिक क्षण को एक त्रासदी में बदल दिया।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन