जामुल में कांग्रेस का ‘टिकट अल्टीमेटम’ : भूपेश बघेल बोले- एक नाम पर सहमति बनाओ; बगावत की तो संगठन करेगा कार्रवाई
News Affair Team
Mon, Oct 5, 2026
दुर्ग.
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस ने जामुल नगर पालिका से अपना अभियान तेज कर दिया है। जामुल में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी ने टिकट वितरण से लेकर गुटबाजी और बगावत तक पर अपना रुख साफ कर दिया। हर वार्ड में कार्यकर्ताओं से आपसी सहमति से एक नाम तय करने को कहा गया है।
पार्टी ने संकेत दिया कि एक से ज्यादा दावेदार होने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रत्याशी का फैसला करेगी और उसके बाद सभी को अधिकृत उम्मीदवार के साथ खड़ा होना होगा। जामुल में कांग्रेस के पर्यवेक्षक के तौर पर प्रमोद दुबे की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।

एक वार्ड से एक नाम, बाकी दावेदारों को करना होगा फैसला स्वीकार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर वार्ड के कार्यकर्ता मिलकर एक नाम पर सहमति बना लेते हैं तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए प्रत्याशी तय करना आसान होगा। एक से ज्यादा नाम आने पर पार्टी अपने स्तर पर फैसला करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से साफ कहा कि टिकट किसी एक को मिलने के बाद बाकी सभी को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के साथ मिलकर चुनाव लड़ना होगा। चुनाव में व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर संगठन को रखने पर जोर दिया गया।
टिकट नहीं मिला तो बगावत पर होगी कार्रवाई
सम्मेलन में पार्टी ने संभावित बगावत को लेकर भी सख्त संदेश दिया। टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने या सोशल मीडिया पर कांग्रेस के खिलाफ अभियान चलाने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी चुनाव में नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों को ऐसे मामलों में नोटिस जारी करने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संगठनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश की बात कही।
‘जनता बदलाव के मूड में’, बूथ तक तैयारी का आह्वान
भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि जामुल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जनता बदलाव के मूड में है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। जामुल पहुंचने पर युवाओं ने बाइक रैली के जरिए उनका स्वागत भी किया।
प्रमोद दुबे बोले- वार्ड कमेटी की राय अहम
चुनाव प्रभारी एवं पर्यवेक्षक प्रमोद दुबे ने कहा कि हर वार्ड में वार्ड कमेटी बनाई गई है। प्रत्याशी चयन में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उनका कहना था कि वार्ड के लोगों को ही यह तय करने में प्रमुख भूमिका निभानी चाहिए कि उनके क्षेत्र से कांग्रेस का उम्मीदवार कौन हो।
ज्ञानेश कुमार पर भूपेश का हमला
कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद भूपेश बघेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी तीखा बयान दिया। SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने ज्ञानेश कुमार को ‘चुनाव अभियुक्त’ बताते हुए उनके इस्तीफे या जेल जाने की बात कही।
भूपेश इससे पहले भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग कर चुके हैं। चिराग पासवान को लेकर सवाल पूछे जाने पर बघेल ने कहा कि पहले उन्हें चुनाव में उतरने तो दीजिए।
जामुल से शुरू हुई कांग्रेस की चुनावी कवायद
जामुल का सम्मेलन ऐसे समय हुआ है जब छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठनात्मक तैयारियां तेज कर रही है। पार्टी का फोकस अब प्रत्याशी चयन के साथ-साथ वार्ड स्तर पर संगठन को एकजुट रखने पर है। जामुल में दिया गया संदेश साफ है, टिकट एक को मिलेगा, लेकिन चुनाव पार्टी को मिलकर लड़ना होगा।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन