राज्य स्तरीय रोजगार मेला... 5 हजार+ का सिलेक्शन : CM साय ने 1,100 को दिए ऑफर लेटर; ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’
News Affair Team
Thu, Oct 8, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 13 हजार से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 5 हजार से अधिक का अंतिम चयन हुआ। गुरुवार को मेले के समापन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने करीब 1,100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर दिए। 7-8 अक्टूबर को रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में हुए मेले में प्रदेश के सभी जिलों के साथ दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों से भी युवा पहुंचे।
मेले में 95 से ज्यादा नियोक्ता संस्थानों ने हिस्सा लिया। करीब 50 स्टॉल पर दस्तावेज सत्यापन, इंटरव्यू और चयन की प्रक्रिया हुई। आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।




मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि युवाओं को शिक्षा, कौशल और उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर छत्तीसगढ़ में ही मिलें। उन्होंने चयनित युवाओं को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
ढाई साल में 925 रोजगार मेले, 25,845+ को रोजगार
CM साय के मुताबिक पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 925 रोजगार मेले आयोजित किए गए हैं। इनके जरिए 25,845 से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को केवल प्रशिक्षण देने के बजाय उनके कौशल को वास्तविक नौकरी और आजीविका से जोड़ने पर फोकस कर रही है।
ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’
रोजगार मेले में पंजीयन, आवेदन और चयन प्रक्रिया ई-रोजगार पोर्टल के जरिए ऑनलाइन की गई। अब इसे ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इस प्लेटफॉर्म पर कंपनियों की रिक्तियों और जरूरतों के साथ युवाओं की योग्यता व कौशल की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। इससे कंपनियों और नौकरी तलाश रहे युवाओं के बीच सीधा मिलान आसान होगा।

पॉलिटेक्निक कॉलेजों की गुणवत्ता रिपोर्ट जारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पॉलिटेक्निक संस्थानों की शिक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था पर क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की थर्ड पार्टी मूल्यांकन रिपोर्ट भी जारी की गई।
रिपोर्ट में शैक्षणिक स्तर, प्रशिक्षण, अधोसंरचना और सुधार की संभावनाओं का आकलन किया गया है। इसके आधार पर संस्थानों की गुणवत्ता और युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्हें इस बार रोजगार नहीं मिला, उनके लिए भी आगे रोजगार मेले और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन