छत्तीसगढ़ को मिले 5 राष्ट्रीय पुरस्कार : स्वनिधि योजना में देश में पहला स्थान; बड़े बचेली-दंतेवाड़ा और बिलासपुर भी सम्मानित
News Affair Team
Fri, Nov 20, 2026
रायपुर.
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में छत्तीसगढ़ ने देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे।
डिजिटल अडॉप्शन में तीन निकायों को सम्मान
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका परिषद ने एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।
सीएम बोले- छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पथ विक्रेताओं को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन