धामी सरकार ने जारी किया 16 पन्नों का रिपोर्ट कार्ड : 36 हजार नौकरियां, 3.5 लाख लखपति दीदी और 13 हजार एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त कराने का दावा
News Affair Team
Thu, Nov 26, 2026
देहरादून.
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने धामी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा है। देहरादून के होटल गेटवे में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की उपलब्धियों का 16 पन्नों का दस्तावेज जारी किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट कार्ड में रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़े कामों का ब्यौरा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार ने अब तक 36 हजार युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरी दी है। वहीं, 3.5 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकार ने 13 हजार एकड़ से ज्यादा सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को भी बड़ी उपलब्धि बताया।

रोजगार से लेकर स्टार्टअप तक, युवाओं पर फोकस
धामी ने बताया कि प्रदेश में 1,750 से अधिक स्टार्टअप संचालित हैं और करीब 1 लाख करोड़ रुपए का निवेश धरातल पर उतरा है। वैश्विक रोजगार योजना के तहत 106 युवाओं को जर्मनी और जापान में नौकरी मिली है। इसके अलावा 11 हजार युवाओं को NEET-JEE की निशुल्क कोचिंग देने की योजना है।
खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीते हैं। सरकार ने सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों के लिए 4% खेल कोटा और नकल रोकने के लिए सख्त कानून लागू करने का भी उल्लेख किया।
3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, अंत्योदय परिवारों को 3 मुफ्त सिलेंडर
महिला सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30% आरक्षण दिया गया है। 3.5 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि 5 लाख महिलाओं को बैणी-भुली योजना के तहत सहायता दी गई है।
अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन मुफ्त गैस सिलेंडर दिए जा रहे हैं। प्रदेश में करीब 10 लाख लोगों को विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

किसानों को 3 हजार करोड़ से ज्यादा, मंडुवे का MSP 5,200 रुपए
कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 8 लाख से अधिक किसानों को 3 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि मिली है। मंडुवे का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5,200 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। राज्य के 27 उत्पादों को GI टैग मिलने का भी जिक्र किया गया।
शिक्षा-स्वास्थ्य में नए संस्थान और सुविधाएं
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय और 500 स्कूलों में डिजिटल स्टूडियो शुरू किए गए हैं। उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा मिला है और नई शिक्षा नीति लागू की गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में 63 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलने का दावा किया गया। हेली एंबुलेंस सेवा और नए मेडिकल कॉलेजों को भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल किया गया है।
चारधाम यात्रा में 65 लाख श्रद्धालु पहुंचे
पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार बताते हुए धामी ने कहा कि वर्ष 2025 में उत्तराखंड में 6 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे। इस साल चारधाम यात्रा में 65 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सरकार शीतकालीन यात्रा और मानसखंड मंदिर माला मिशन के जरिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।
कनेक्टिविटी के मोर्चे पर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और चारधाम सड़क परियोजना की प्रगति को उपलब्धि बताया गया।
UCC लागू, 90 हजार फाइलों का ई-ऑफिस से निस्तारण
सुशासन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। करीब 13 हजार एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और ई-ऑफिस के जरिए 90 हजार से अधिक फाइलों का निस्तारण किया गया है।
उन्होंने बताया कि आपदा राहत के लिए केंद्र से 1,200 करोड़ रुपए की मदद मिली है। उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर से भी सम्मानित किया गया है।
प्रति व्यक्ति आय 2.74 लाख रुपए पहुंचने का दावा
धामी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2.74 लाख रुपए हो गई है। बहुआयामी गरीबी घटकर 6.92% रह गई है। वहीं, 2026-27 का बजट करीब 1.19 लाख करोड़ रुपए रखा गया है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड को देश में पहला स्थान मिलने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
अग्निवीरों को सरकारी भर्ती में 10% आरक्षण
सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व अग्निवीरों को समूह-ग की वर्दीधारी सीधी भर्तियों में 10% क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। इसके लिए अग्निवीर सेल भी बनाया गया है। शहीद सैनिकों के परिजनों को 50 लाख रुपए की सहायता और 1.16 लाख से अधिक पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन (OROP) का लाभ मिलने की बात कही। उन्होंने अपने पिता के साथ OROP लागू होने के समय का भावुक अनुभव भी साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री के '21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा' संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में राज्य अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना सरकार के लिए विकल्प नहीं, बल्कि संकल्प है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन