कांग्रेस का लोकभवन मार्च, बैरिकेडिंग पर चढ़े, पुलिस से झड़प : सैलजा ने राज्यपाल के प्रतिनिधि को सौंपीं भ्रष्टाचार के आरोपों वाली 50 पोटलियां
News Affair Team
Thu, Nov 26, 2026
देहरादून.
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने गुरुवार को लोकभवन कूच किया। हाथीबड़कला चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे जाने की मांग करने लगे। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। प्रदर्शनकारी ‘पहाड़ की बेटी करे पुकार, कहां गया चौकीदार’ के नारे लगाते रहे।
मार्च में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेता और कार्यकर्ता पुलिस से बैरिकेडिंग हटाने और लोकभवन तक जाने देने की मांग करते रहे। हंगामे के चलते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
50 पोटलियों में लेकर पहुंचे भ्रष्टाचार के खिलाफ जुटाए हस्ताक्षर
कांग्रेस ने प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया था। अभियान के दौरान जुटाए गए हस्ताक्षरों को 50 पोटलियों में तैयार किया गया। पार्टी इन्हें राज्यपाल को सौंपना चाहती थी।
प्रदर्शन के दौरान गणेश गोदियाल अपने कंधे पर भ्रष्टाचार के आरोपों वाली पोटली लेकर चलते नजर आए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ढोल बजाते और कार्यकर्ताओं के साथ नाचते दिखाई दिए।
हंगामे के बाद राज्यपाल के प्रतिनिधि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी मौके पर पहुंचे। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने उन्हें हस्ताक्षर अभियान से जुड़ी सभी 50 पोटलियां सौंप दीं।
कांग्रेस बोली- संविधान को कुचला जा रहा, सरकार भ्रष्टाचारियों को बचा रही
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी और धामी सरकार देश और उत्तराखंड को लूटने में लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान को कुचला जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि देश संविधान से चलता है और आगे भी संविधान से ही चलेगा।
कांग्रेस नेता करण माहरा ने हस्ताक्षर अभियान को जनता का समर्थन मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर भाजपा सरकार के कामकाज के प्रति नाराजगी जाहिर की है।
माहरा ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों और मंत्री रेखा आर्य के पति से जुड़े कथित बेनामी संपत्ति के मामले को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को लेकर जनता में नाराजगी है और पार्टी इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन