एकता कपूर बोलीं- ALTT से हमारा कोई नाता नहीं : कहा- पहले ही इससे अलग हो चुके; केंद्र सरकार ने अश्लीलता फैलाने पर बैन किए हैं 25 OTT ऐप्स
News Affair Team
Sat, Jul 26, 2025
मुंबई.
भारत सरकार द्वारा 25 ओटीटी ऐप्स पर बैन लगाने के बाद मीडिया और मनोरंजन जगत में हड़कंप मच गया है। बैन किए गए प्रमुख प्लेटफॉर्म्स में ALTT, Ullu, देसी फ्लिक्स जैसे नाम शामिल हैं। इन पर अश्लील कंटेंट के नाम पर कार्रवाई की गई है। एक तरफ सरकार ने इन प्लेटफॉर्म्स को डिजिटल मर्यादा का उल्लंघन करने पर बंद किया, वहीं दूसरी ओर एकता कपूर ने सामने आकर सफाई दी है कि अब उनका और उनकी मां शोभा कपूर का ALTT से कोई लेना-देना नहीं है।
प्रसिद्ध निर्माता एकता कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा बयान जारी कर स्पष्ट किया कि,
ALT डिजिटल मीडिया एंटरटेनमेंट लिमिटेड, जो पहले बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी थी, अब 20 जून 2025 से विलय के बाद बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा संचालित हो रही है। मेरी और मेरी मां शोभा कपूर की ALTT से अब कोई भी भूमिका नहीं है। हम जून 2021 में इससे पूरी तरह अलग हो चुके हैं। मीडिया से अनुरोध है कि वे तथ्यों की पुष्टि करके ही रिपोर्ट करें।

AICWA ने किया समर्थन: “यह एक ऐतिहासिक जीत है”
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सरकार के इस फैसले की सराहना की है। एसोसिएशन का कहना है कि यह कदम युवाओं और समाज को गलत प्रभाव से बचाने के लिए जरूरी था।
ये ओटीटी प्लेटफॉर्म डिजिटल फ्रीडम के नाम पर अश्लीलता फैला रहे थे। हम इस ऐतिहासिक फैसले का स्वागत करते हैं। अब वक्त है कि कंटेंट क्रिएटर्स जिम्मेदार कहानी कहने की ओर लौटें।
AICWA ने यह भी मांग की कि इन प्लेटफॉर्म्स के मालिकों और कंटेंट प्रोड्यूसर्स पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और एक सेंट्रल रेगुलेटरी बॉडी बनाई जाए।

अश्लीलता पर लगेगा अब डिजिटल ताला
केंद्र सरकार ने आईटी एक्ट और अन्य कानूनों के तहत 25 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाया है। इनमें से कई प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील, आपत्तिजनक और महिला विरोधी कंटेंट दिखाए जाने के आरोप थे। सरकार ने ISP (इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर) को इन प्लेटफॉर्म्स की वेबसाइट्स और ऐप्स को ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए हैं।
चार कानूनों के तहत कार्रवाई
आईटी एक्ट, 2000 (धारा 67): इंटरनेट पर अश्लील कंटेंट प्रसारित करना अपराध।
आईटी एक्ट, 2000 (धारा 67A): सेक्शुअल एक्ट से जुड़े वीडियो शेयर करना गैरकानूनी।
BNS 2023 (धारा 294): सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील हरकत या भाषा।
महिलाओं के अश्लील प्रदर्शन (निषेध) अधिनियम, 1986 (धारा 4): महिलाओं को आपत्तिजनक रूप में दिखाना अपराध।
लॉकडाउन में मिली थी लोकप्रियता, फिर बढ़ा विवादित कंटेंट

2020 के लॉकडाउन के दौरान ALTT और Ullu जैसे ओटीटी ऐप्स की व्यूअरशिप में जबरदस्त इजाफा हुआ। मई 2020 में ALTT की व्यूअरशिप में 60% बढ़ोतरी और मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता 21% तक बढ़ गए थे।
इन प्लेटफॉर्म्स ने "एडल्ट कॉमेडी" और "रोमांटिक थ्रिलर्स" के नाम पर अश्लील कंटेंट की बाढ़ ला दी थी, जिसे लेकर समय-समय पर विवाद भी उठते रहे।
सरकार की मौजूदा गाइडलाइन
2021 में सरकार ने "इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (इंटरमीडियरी गाइडलाइन्स एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) रूल्स" जारी किया। 2023 में इसे अपडेट भी किया गया। इसके अंतर्गत
आत्महत्या, न्यूडिटी, सेक्सुअल कंटेंट, हिंसा आदि को चेतावनी और कैटेगरी के साथ ही दिखाना अनिवार्य है।
ग्रीवांस ऑफिसर की नियुक्ति अनिवार्य।
चाइल्ड पोर्न, धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला कंटेंट प्रतिबंधित।
प्लेटफॉर्म्स को 'सेल्फ रेगुलेशन कोड' के तहत जिम्मेदार व्यवहार करना अनिवार्य है।
2020 का सेल्फ रेगुलेशन कोड और उसका विफल होना
नेटफ्लिक्स, यूट, डिज्नी+हॉटस्टार समेत 15 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने 2020 में एक "सेल्फ रेगुलेशन कोड" बनाया था, जिसमें, आतंकवाद, चाइल्ड पोर्न, धार्मिक अपमान, न्यायालयीन प्रतिबंधित कंटेंट आदि को न दिखाने का संकल्प लिया गया था। परंतु सरकार ने इस कोड को पर्याप्त नहीं माना और नए नियमों की जरूरत महसूस की।

OTT पोर्नोग्राफी में राज कुंद्रा की गिरफ्तारी
2021 में शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा की गिरफ्तारी ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। राज कुंद्रा पर 'हॉटशॉट' नामक ऐप के माध्यम से पोर्न कंटेंट बेचने के गंभीर आरोप लगे थे। उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि वे इस समय जमानत पर हैं।
भारत में ओटीटी की शुरुआत और विकास
2008: देश का पहला ओटीटी प्लेटफॉर्म 'बिगफ्लिक्स' लॉन्च हुआ।
2010: 'नेक्सजीटीवी' मोबाइल ओटीटी ऐप आया।
2013-14: IPL की लाइव स्ट्रीमिंग के कारण ओटीटी को जबरदस्त लोकप्रियता मिली।
2015: डिज्नी+हॉटस्टार का उदय—देश का सबसे बड़ा ओटीटी प्लेटफॉर्म बन गया।
यह भी पढ़ें... Ullu, ALTT, देसी फ्लिक्स सहित 25 ऐप्स बैन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन