स्वतंत्रता दिवस पर CM साय के 7 बड़े ऐलान : AI मिशन को ₹500 करोड़, 3946 शिक्षक भर्ती; ज्ञानेश्वरी यादव बनेंगी DSP
News Affair Team
Sat, Aug 15, 2026
रायपुर.
80वें स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और युवाओं, किसानों, महिलाओं, बस्तर, उद्योग, शिक्षा और तकनीक से जुड़े कई बड़े ऐलान किए। समारोह में 17 टोलियों ने सलामी दी। BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB के साथ बिहार पुलिस की टुकड़ी भी परेड में शामिल रही।
मुख्यमंत्री के भाषण में सबसे बड़े ऐलानों में 500 करोड़ रुपए का छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन, 3946 शिक्षक एवं सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती, और ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को DSP बनाने का फैसला शामिल रहा। ज्ञानेश्वरी को 30 लाख रुपए की सम्मान राशि भी दी जाएगी।




500 करोड़ का AI मिशन, 6 लाख छात्रों को ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने 500 करोड़ रुपए के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से ज्यादा AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का लक्ष्य 6 लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देना है।
3946 शिक्षक पदों पर भर्ती शुरू
युवाओं के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से शिक्षक और सहायक शिक्षक के 3946 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा बिजली कंपनियों में 1235 पदों पर भर्ती की जा रही है। सरकार ने पुलिस में भी 7 हजार युवाओं की भर्ती किए जाने की जानकारी दी।
ज्ञानेश्वरी यादव बनेंगी DSP
मुख्यमंत्री ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को DSP के पद पर पदोन्नत करने की घोषणा की।
इसके साथ उन्हें 30 लाख रुपए की सम्मान राशि देने का फैसला लिया गया है। सरकार ने राज्य के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए भी शासकीय सेवा के अवसर खोलने की जानकारी दी।

अग्निवीरों को पुलिस-वन-जेल विभाग में 10% आरक्षण
मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों के लिए भी बड़ा फैसला बताया। चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10% आरक्षण दिया जाएगा।
बस्तर के विकास पर बड़ा फोकस
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में बस्तर को सरकार की प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया। उन्होंने कहा कि नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को फिर शुरू कराया गया है और 36 नए स्कूलों को मंजूरी दी गई है। ओरछा और जगरगुंडा जैसे दूरस्थ इलाकों में एजुकेशन सिटी विकसित करने की योजना है।
'मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान' के तहत 34 लाख से ज्यादा लोगों की स्वास्थ्य जांच कर हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए जाने की जानकारी भी दी गई।
बस्तर के करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4824 करोड़ रुपए की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की गई है। वहीं 461 सौर ऊर्जा से संचालित गांवों को ग्रिड आधारित व्यवस्था से जोड़ने और 234 अंदरूनी बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की बात कही गई।
किसानों के लिए धान का 3100 रुपए भाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान का भुगतान किया जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के तहत एकमुश्त राशि का भुगतान भी किया गया है।
धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए की आदान सहायता देने का फैसला बताया गया।


24.50 लाख घर स्वीकृत, रोज बन रहे 1600 मकान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने अब तक 24 लाख 50 हजार घर स्वीकृत किए हैं। प्रदेश में हर दिन औसतन 1600 घर बनाए जा रहे हैं।
वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपए भेजे जाने की जानकारी दी गई। राज्य में 13 लाख 85 हजार महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं।
8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
औद्योगिक क्षेत्र में सरकार को अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। इससे 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।
नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई स्विफ्ट टेक्सटाइल का भूमिपूजन किया गया है, जिससे 4600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना बताई गई। प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना भी सामने रखी गई।
बिजली और सोलर सेक्टर में भी योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि 90 हजार से ज्यादा उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ले रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से भी सब्सिडी दिए जाने से योजना को और आकर्षक बनाने की बात कही गई।
कोरोना काल के दौरान बिजली बिल नहीं चुका पाने वाले 12 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं का 910 करोड़ रुपए का सरचार्ज 'मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना' के तहत माफ किया गया है।

CM हेल्पलाइन 1076 से 80 हजार शिकायतों का निराकरण
सुशासन के तहत मुख्यमंत्री ने CM हेल्पलाइन 1076 का भी उल्लेख किया। इसके जरिए अब तक 80 हजार से ज्यादा शिकायतों का निराकरण किए जाने की जानकारी दी।
'सेवा सेतु पोर्टल' पर 700 से ज्यादा सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' अभियान शुरू
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत 6671 सरकारी स्कूलों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।
'वीबी-जी राम जी योजना' के तहत प्रदेश के 6524 गांवों में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय बनाए जाने की जानकारी भी दी गई।
उद्योग से लेकर पर्यटन तक योजनाओं का खाका
सरकार ने राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0, नवा रायपुर में फर्नीचर क्लस्टर और जांजगीर-चांपा व राजनांदगांव में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में काम शुरू करने की बात कही।
वहीं बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन चलाने की जानकारी दी गई। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और यहां टेंट सिटी बनाने की योजना भी बताई गई।
7 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए
पर्यावरण संरक्षण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत राज्य में अब तक 7 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ को सामूहिक लक्ष्य बताते हुए ऋग्वेद के मंत्र 'संगच्छध्वं, सं वदध्वं, सं वो मनांसि जानताम्' का उल्लेख किया और प्रदेशवासियों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन