पति-जेठ को बेहोश कर गहने ले भागी दुल्हन : मायके वाले बोले- बेटी की हत्या कर दी; एक महीने बाद झांसी पुलिस ने प्रेमी के साथ सूरत से पकड़ा
News Affair Team
Thu, Jul 24, 2025
झांसी.
झांसी में शादी के महज 3 महीने बाद ही एक दुल्हन ने अपने पति और जेठ को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। फिर घर के गहने और नकदी समेटकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। वहीं दुल्हन के मायके वालों ने उल्टा ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया।
एक महीने तक मामले में उलझी पुलिस को आखिरकार सूरत में दुल्हन की लोकेशन मिली और बुधवार को पुलिस ने प्रेमी के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही लूटे गए गहनों में से करीब 3 लाख रुपए के आभूषण भी बरामद किए हैं।

तीन महीने पहले हुई थी शादी, परिवार से छुपा प्रेम संबंध
नई बस्ती, कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी नवल किशोर ने बताया कि उनके बेटे यशवंत की शादी 3 महीने पहले पूंछ के अमरौख गांव की रीना से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद रीना ने अपने प्रेमी रिंकू के साथ भागने की योजना बनाई।
1 जून को जब सास-ससुर शादी समारोह में गए हुए थे, तब रीना ने पति यशवंत और जेठ बालचंद्र को नशीला पदार्थ खिला दिया। बेहोश होने के बाद रीना ने घर में रखे सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपए नकद समेटे और अपने प्रेमी रिंकू के साथ फरार हो गई।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
जैसे ही ससुराल पक्ष ने पुलिस में शिकायत दी, रीना के घरवाले भी कोतवाली थाने पहुंच गए और दावा किया कि ससुरालवालों ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है और शव को गायब कर दिया है। इससे मामला और उलझ गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पहले रीना की गुमशुदगी दर्ज की और उसकी तलाश शुरू की।
प्रेमी के भाई की गलती से मिला सुराग
रीना और रिंकू फरार होने के बाद मोबाइल बंद करके सूरत में छुपे हुए थे, लेकिन रीना ने अपना फोन रिंकू के भाई को दे दिया था। कुछ दिन पहले रिंकू के भाई ने वह फोन ऑन कर दिया, जिससे पुलिस को लोकेशन का सुराग मिल गया।
पुलिस ने सूरत से किया अरेस्ट
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि- “रीना और रिंकू पिछले एक महीने से सूरत में थे। गुप्त सूचना के आधार पर टीम भेजकर उन्हें वहां से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लूटे गए लगभग 3 लाख के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। मामला प्रेम प्रसंग और साजिश के तहत लूट का है।”
5 साल पुराना था अफेयर
रीना और रिंकू दोनों अमरौख गांव के रहने वाले हैं और पांच साल से प्रेम संबंध में थे। शादी से पहले रीना ने इंकार किया था, लेकिन परिवार के दबाव में यशवंत से विवाह कर लिया। शादी के बाद भी रिंकू से उसका मिलना जारी रहा, फिर दोनों ने मिलकर लूट की साजिश रची और झांसी से सूरत भाग गए।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन