बागेश्वर बाबा पर भड़के रितेश देखमुख : एक्टर बोले- शिवाजी महाराज का अपमान बर्दाश्त नहीं; धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी
मुंबई/नागपुर.
छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर दिए गए एक बयान ने देशभर में नया विवाद खड़ा कर दिया है। कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर बाबा) के बयान पर बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख ने कड़ी आपत्ति जताई है। रितेश ने साफ शब्दों में कहा कि शिवाजी महाराज के प्रति किसी भी तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हालांकि बढ़ते विवाद के बीच बागेश्वर बाबा ने अपने बयान पर माफी भी मांग ली है, लेकिन यह मुद्दा अभी भी चर्चा में बना हुआ है।

क्या था विवादित बयान
दरअसल नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर बाबा ने कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज युद्धों से थककर अपनी जिम्मेदारियां छोड़ना चाहते थे और अपने गुरु समर्थ रामदास के पास मुकुट लेकर पहुंचे थे।
जैसे ही यह बयान सामने आया, सोशल मीडिया पर इसकी तीखी आलोचना शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत बताते हुए आपत्ति जताई।

रितेश देशमुख का तीखा रिएक्शन
इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए रितेश देशमुख ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मराठी में पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि जब कोई हमारे पूज्य देवता और आदर्श के बारे में गलत बातें करता है, तो एक शिवभक्त के लिए यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि शिवाजी महाराज को किसी दायरे में बांधने या उनकी छवि को कमजोर करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी। उन्होंने शिवाजी महाराज की महानता को सह्याद्रि पर्वतों की स्थिरता से जोड़ते हुए कहा कि उनका नाम आने वाले करोड़ों सालों तक अमर रहेगा।
माफी के बाद भी जारी बहस
विवाद बढ़ने के बाद बागेश्वर बाबा ने नागपुर में मीडिया से बात करते हुए सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया है और उनका उद्देश्य किसी भी तरह से शिवाजी महाराज का अपमान करना नहीं था।
उन्होंने कहा, “हमने संतों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए यह बात कही थी। यदि हमारी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हम क्षमाप्रार्थी हैं।”
बाबा ने यह भी कहा कि वह शिवाजी महाराज के प्रति गहरा सम्मान रखते हैं और उनके लिए जीते-मरते हैं।
फिल्म रिलीज से पहले बढ़ा विवाद
इस पूरे घटनाक्रम के बीच यह विवाद और भी अहम हो गया है, क्योंकि रितेश देशमुख जल्द ही फिल्म राजा शिवाजी में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है और 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
फिल्म में रितेश देशमुख के साथ जेनेलिया डिसूजा और संजय दत्त भी अहम भूमिकाओं में हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन भी रितेश देशमुख ने ही किया है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन