‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर सुप्रीम कोर्ट में PIL : CBI जांच की मांग; फाउंडर बोले- इंस्टाग्राम अकाउंट वापस मिला, “हम फिर लौट आए”
नई दिल्ली.
सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब कानूनी विवादों में घिर गई है। पार्टी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है, जिसमें इसकी गतिविधियों की CBI जांच कराने की मांग की गई है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि संगठन सुप्रीम कोर्ट की मौखिक टिप्पणियों का इस्तेमाल व्यावसायिक और राजनीतिक फायदे के लिए कर रहा है। साथ ही फर्जी वकीलों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की भी मांग की गई है।

फाउंडर बोले- “हम वापस आ गए”
इसी बीच पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने रविवार को दावा किया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा एक्टिव हो गया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “हम वापस आ गए हैं… तुम भूल गए थे कि हम जिंदा रहने के लिए क्या कर सकते हैं।”
पोस्ट के साथ उन्होंने कॉकरोच की तस्वीर भी शेयर की। इससे पहले शनिवार को दीपके ने आरोप लगाया था कि उनकी पार्टी और निजी सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिए गए थे।
CJI की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद 15 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान शुरू हुआ था। वकीलों की मान्यता से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस की एक मौखिक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। उसी के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम सामने आया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया ट्रेंड बन गया।
अब PIL में आरोप लगाया गया है कि इस पूरे मामले का इस्तेमाल संगठित ऑनलाइन कैंपेन और व्यावसायिक लाभ के लिए किया गया।
रिजिजू के बयान पर अभिजीत का पलटवार
अभिजीत दीपके ने रविवार को X पर अपने फॉलोअर्स का डेटा शेयर करते हुए दावा किया कि उनके 94 प्रतिशत से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पर निशाना साधते हुए पूछा कि भारतीय युवाओं को “पाकिस्तानी फॉलोअर्स” क्यों बताया जा रहा है।
दरअसल, रिजिजू ने बिना नाम लिए X पर लिखा था कि कुछ लोग पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस नेटवर्क से सोशल मीडिया समर्थन हासिल कर रहे हैं, जबकि भारत में ही पर्याप्त युवा मौजूद हैं।
वेबसाइट अब भी बंद
अभिजीत ने शनिवार को आरोप लगाया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर करीब 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 6 लाख से ज्यादा लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे।
हालांकि वेबसाइट अब भी खुल नहीं रही। साइट खोलने पर ‘This site can’t be reached’ का मैसेज दिखाई दे रहा है।
इंस्टाग्राम पर 2.27 करोड़ फॉलोअर्स
विवाद और अकाउंट हैकिंग के दावों के बीच भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के सोशल मीडिया फॉलोअर्स तेजी से बढ़े हैं। रविवार दोपहर तक इंस्टाग्राम पर पार्टी के 2.27 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे।
वहीं X पर अभिजीत दीपके के निजी अकाउंट के फॉलोअर्स भी 2 लाख से ज्यादा पहुंच गए हैं।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं। वे डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट के तौर पर काम कर चुके हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर रहे हैं।
अभिजीत 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया कैंपेन से भी जुड़े रहे। दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान वे मीम और वायरल कंटेंट आधारित प्रचार रणनीति पर काम कर चुके हैं।
पिछले कुछ वर्षों में वे किसान आंदोलन, महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों जैसे मुद्दों पर लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन