Opration Sindoor : गुजरात के कच्छ में बनेगा 'सिंदूर वन', ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित होगा सैन्य थीम पर आधारित पार्क
भुज (कच्छ).
गुजरात सरकार ने कच्छ जिले में 'ऑपरेशन सिंदूर' के गौरव को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से 20 एकड़ क्षेत्र में 'सिंदूर वन' के निर्माण की घोषणा की है। यह वन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल ही में हुई सभा के स्थल, भुज शहर के पास, विकसित किया जाएगा। 'सिंदूर वन' वर्ष 2027 तक पूर्ण रूप से तैयार हो जाएगा।
इस वन में भारतीय सैन्य ताकत की प्रतिकृतियां, जैसे कि S-400 मिसाइल सिस्टम, INS विक्रांत और राफेल फाइटर जेट, को प्रदर्शित किया जाएगा ताकि जनता को रक्षा बलों के पराक्रम और तकनीकी सामर्थ्य का सजीव अनुभव हो सके। वहीं उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में भी सिंदूर के 1000 पौधे लगाए जाएंगे।

सेनाओं की वीरगाथा को समर्पित 'सिंदूर वन'
कच्छ कलेक्टर आनंद पटेल ने बताया कि, "ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना, सरकार और समाज ने एकजुट होकर भूमिका निभाई थी। कच्छ के नागरिकों ने भी विशेष सहयोग किया। आने वाली पीढ़ियों को इस ऐतिहासिक क्षण से अवगत कराने के लिए 'सिंदूर वन' की योजना बनाई गई है।"
कच्छ के जिला वन संरक्षक डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि, राज्य सरकार द्वारा 2 करोड़ रुपए का अनुदान स्वीकृत किया गया है। 8 हेक्टेयर भूमि में सर्वे और गड्ढा खुदाई का कार्य आरंभ हो चुका है। वन में 35,000 से 40,000 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें सिंदूर के पौधे प्रमुख रूप से होंगे। पौधों की सिंचाई ड्रिप विधि से की जाएगी। 2025 के अंत तक यह प्रक्रिया पूर्ण कर विशेष थीम आधारित परियोजना लागू होगी।
'सिंदूर वन' में स्थापित की जाएंगी
नौसेना का INS विक्रांत जहाज मॉडल
वायुसेना के राफेल और अन्य आधुनिक विमान
थलसेना और BSF के हथियार, ड्रोन, रक्षा प्रणाली
S-400 मिसाइल सिस्टम की प्रतिकृति
यह वन न सिर्फ पर्यावरणीय दृष्टिकोण से अहम होगा, बल्कि देशभक्ति, गर्व और प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।
फंडिंग और प्लानिंग शुरू
पश्चिम कच्छ के उप वन संरक्षक हर्ष ठक्कर सहित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक वन मंडल कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें सिंदूर वन की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई। गुजरात और केंद्र सरकार द्वारा परियोजना को सीधा मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
स्मृतिवन से प्रेरित है सिंदूर वन की कल्पना
भुज में ही स्थित है एशिया का सबसे बड़ा भूकंप स्मारक पार्क- स्मृतिवन, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत 470 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है। करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पार्क 2022 में पीएम मोदी द्वारा लोकार्पित किया गया था। इसमें 2001 के भूकंप में मारे गए 13,805 लोगों के नाम अंकित मूर्तिकला पट्टिकाएं हैं। साल 2024 में यह म्यूजियम यूनेस्को से पुरस्कृत हुआ और दुनिया के 7 सर्वश्रेष्ठ म्यूजियमों में शामिल किया गया।
कुशीनगर में भी लगेगा सिंदूर
'ऑपरेशन सिंदूर' की स्मृति अब राष्ट्रीय स्तर पर फैल रही है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में जुलाई माह में सिंदूर के 1000 पौधे लगाए जाएंगे। प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह के अनुसार, "इन पौधों को गुजरात के कच्छ जिले से मंगवाया जा रहा है। यह सेना के पराक्रम को प्रकृति से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है।"
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन