85 साल के बुजुर्ग को बहू ने जमीन पर घसीटा : वीडियो वायरल होने के बाद मां-बेटी ने खाया कीटनाशक; पारिवारिक विवाद में घटना
News Affair Team
Fri, Jun 12, 2026
मैहर.
जिले के नादन गांव से सामने आए एक वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो में 85 वर्षीय बुजुर्ग को उनकी बहू कथित तौर पर जमीन पर घसीटते हुए दिखाई दे रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वहीं पारिवारिक विवाद ने नया मोड़ तब ले लिया जब तनाव के बीच आरोपी महिला और उसकी बेटी ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मामला जमीन के बंटवारे और बुजुर्ग की देखभाल को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। बुजुर्ग छोटे लाल गौतम के तीन बेटे हैं और उन्होंने अपनी करीब ढाई एकड़ कृषि भूमि तीनों के बीच बराबर बांट दी थी। जमीन के बंटवारे के बाद पंचायत ने यह व्यवस्था तय की थी कि तीनों बेटे बारी-बारी से अपने पिता के भोजन और देखभाल की जिम्मेदारी निभाएंगे, लेकिन इसके बावजूद परिवार में विवाद खत्म नहीं हुआ।

जमीन विवाद के बीच सामने आया वीडियो
जानकारी के मुताबिक 10 जून को परिवार की दो महिलाओं के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान एक बहू ने अपने बुजुर्ग ससुर का हाथ पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटा। घटना का वीडियो बाद में सामने आया, जिसके बाद गांव और क्षेत्र में इसकी चर्चा शुरू हो गई।
वीडियो में दिख रही घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
दो दिन बाद फिर भड़का विवाद
परिवार में तनाव यहीं नहीं थमा। शुक्रवार सुबह एक बार फिर घर में विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी हुई और मामला बढ़ गया।
परिजनों के मुताबिक, विवाद के दौरान कथित रूप से अपमानजनक बातें कहे जाने से आहत होकर युवती नैना ने खेतों में उपयोग होने वाला कीटनाशक पी लिया। उसे रोकने के प्रयास में उसके पिता संत कुमार के मुंह में भी कुछ मात्रा चली गई। इसके बाद उसकी मां सुमन गौतम ने भी वही पदार्थ खा लिया।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन मां-बेटी को उपचार के लिए मैहर सिविल अस्पताल भेजा गया। दोनों का इलाज जारी है, जबकि संत कुमार की हालत सामान्य बताई जा रही है।
थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती रिपोर्ट में अभी तक विषैले पदार्थ के सेवन की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वायरल वीडियो, परिजनों के बयान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटना के कारणों और परिवार के विभिन्न सदस्यों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन