भोपाल में मुस्लिम ट्रेनर पर हंगामा : एंट्री पर रोक लगाने बजरंग दल कार्यकर्ता के साथ पहुंचे दरोगा जी; वीडियो वायरल हुआ तो अफसर बोले- जांच कराएंगे
News Affair Team
Sun, Jun 1, 2025
भोपाल.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में धार्मिक भेदभाव से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अयोध्या नगर स्थित एक जिम में एसआई (सब-इंस्पेक्टर) दिनेश शर्मा ने अपनी टीम और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर जिम स्टाफ से मुस्लिम ट्रेनरों को ट्रेनिंग देने या लेने से रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान का पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एसआई दिनेश शर्मा जिम में सोफे पर बैठकर जिम स्टाफ से मुस्लिम ट्रेनरों की उपस्थिति को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। उनके साथ बजरंग दल के कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे, जो महिला स्टाफ से भी सवाल कर रहे थे। वीडियो में एसआई यह कहते सुने जा रहे हैं कि “यहां कोई मुस्लिम न ट्रेनिंग देगा, न लेगा।”

जांच के बाद कार्रवाई की बात बोले ACP
मामला तूल पकड़ता देख एसीपी अक्षय चौधरी ने बयान दिया है कि, “वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है। अगर कोई नियमविरुद्ध कार्रवाई पाई गई, तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।”
घटना दो दिन पुरानी, अब सोशल मीडिया पर छाई
यह घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है, जब एसआई दिनेश शर्मा टीम के साथ अयोध्या नगर के एक जिम में दबिश देने पहुंचे थे। हालांकि उस वक्त जिम में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, लेकिन अब जब वीडियो सोशल मीडिया पर आया, तो इसने नए विवाद को जन्म दे दिया है।

क्या कहता है कानून?
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 15 और 21 के तहत धर्म, जाति, लिंग या जन्मस्थान के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता। ऐसे में किसी धर्म विशेष के व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर सेवा देने या लेने से रोकना पूरी तरह अवैध और असंवैधानिक है।
विपक्ष ने उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर विपक्षी दलों और सोशल कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेताओं ने इसे राज्य प्रायोजित सांप्रदायिकता करार दिया और मांग की कि एसआई दिनेश शर्मा और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स?
· “ये कैसा पुलिसिया व्यवहार है? पुलिस का काम कानून की रक्षा करना है, न कि धर्म के आधार पर बंटवारा।”
· “अगर इसी तरह खुलेआम धार्मिक नफरत फैलाई जाएगी, तो समाज में शांति कैसे बचेगी?”
· “सरकार को तुरंत इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।”
फिलहाल क्या स्थिति है?
· वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया है।
· जांच की जा रही है कि दबिश किस आधार पर दी गई थी और किसके निर्देश पर।
· अब तक एसआई दिनेश शर्मा पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
· जिम मालिक या मुस्लिम समुदाय की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन