रायपुर में कल 'सहकार संकल्प दौड़' : मरीन ड्राइव से सुबह 6 बजे होगी शुरुआत; विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
News Affair Team
Thu, Jul 2, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ शासन का सहकारिता विभाग प्रदेश में सहकारिता की भावना को मजबूत बनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 जुलाई को राजधानी रायपुर में 'सहकार संकल्प दौड़' का आयोजन करेगा।
कार्यक्रम का आयोजन "सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर" थीम पर किया जा रहा है। विभाग के अनुसार यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि सहयोग, एकता, स्वास्थ्य और सामूहिक विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।
मरीन ड्राइव से सुबह 6 बजे होगी शुरुआत
सहकार संकल्प दौड़ का आयोजन शुक्रवार, 3 जुलाई को सुबह 6 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा) से शुरू होगा। इसमें प्रदेशभर से युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक भाग लेंगे।
सहकारिता विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होकर जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
विजेताओं को दिए जाएंगे पुरस्कार
दौड़ में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विभाग का मानना है कि इससे युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
सहकारिता और स्वास्थ्य का संदेश
आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में सहकारिता की भावना को मजबूत करना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से "सहकारिता से समृद्धि", "साथ चलें, साथ बढ़ें" और "स्वस्थ समाज, समृद्ध प्रदेश" जैसे संदेशों को समाज तक पहुंचाया जाएगा।
जनभागीदारी से मजबूत होगा अभियान
सहकारिता विभाग का कहना है कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सामूहिक प्रगति का आधार भी है। विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आत्मनिर्भर एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को मजबूत करें।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन