Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

8th August 2026

ब्रेकिंग

10 महीने की बच्ची रोई तो घोंट दिया गला; 65 साल का बुजुर्ग गिरफ्तार

NSA में गिरफ्तार आरोपी के समर्थन में सड़क पर उतरे परिजन; पेट्रोल बम से उड़ाने की धमकी

99% बारिश पूरी; सारंगढ़ में झमाझम तो सरगुजा में अब भी सूखे जैसे हालात

कारोबार होगा आसान, निवेश को रफ्तार; देश का पहला Ease of Doing Business कानून

नाना से मिली महाभारत सुनाने की प्रेरणा; 13 साल की उम्र में पहली बार किया गायन

पहले मां पर ईंट से हमला, फिर किया दुष्कर्म : 10 महीने की बच्ची रोई तो घोंट दिया गला; 65 साल का बुजुर्ग गिरफ्तार

News Affair Team

Fri, Aug 7, 2026

रायगढ़.

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला और उसकी 10 महीने की बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले महिला पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किया, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के दौरान बच्ची के रोने पर उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी तक पहुंचने में उसके हाथ पर लगी चोट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और खून से सनी धोती अहम कड़ी साबित हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

खेत में बने बोर मकान में मिली थी घायल महिला

पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को महिला की मौसेरी बहन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 35 वर्षीय महिला पति की मौत के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी और अपनी 10 महीने की बेटी के साथ एक ग्रामीण के खेत में बने बोर मकान में रह रही थी।

उसी सुबह महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि उसकी बेटी मृत पाई गई। महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से किए गए हमले के निशान थे। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

सुनसान जगह, कोई गवाह नहीं... जांच बनी चुनौती

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटनास्थल सुनसान इलाके में होने, प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने और महिला का किसी से विवाद सामने नहीं आने के कारण पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी। इसके बाद पुलिस ने गांव में लगातार कैंप लगाकर ग्रामीणों से पूछताछ की और हर संदिग्ध गतिविधि की जांच की।

हाथ की चोट से गहराया शक, पूछताछ में टूटा आरोपी

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी पर गया। उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया तो उसके हाथ में चोट के निशान मिले, लेकिन उसने घटना से इनकार कर दिया।

संदेह बढ़ने पर दोबारा पूछताछ की गई। इस बार पुलिस की पूछताछ में आरोपी टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।

विरोध करने पर ईंट से हमला, फिर किया दुष्कर्म

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 जुलाई की रात वह महिला के बोर मकान तक पहुंचा। उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर पास में रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह बेहोश हो गई।

इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान 10 महीने की बच्ची रोने लगी। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने बच्ची का गला दबा दिया और उस पर भी हमला कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी खेत के रास्ते अपने घर पहुंचा, खून से सनी धोती बदलकर छिपा दी। पुलिस ने जांच के दौरान वह धोती बरामद कर ली है।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को हत्या और दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

SSP बोले- सख्त कार्रवाई होगी

रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील था। वैज्ञानिक साक्ष्यों, लगातार निगरानी और पुलिस टीम की समन्वित जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचना संभव हुआ। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन