ढाई साल में 11 लाख से ज्यादा गरीबों को पक्की छत : छत्तीसगढ़ में PM आवास की रफ्तार तेज; 4 लाख मकान अभी निर्माणाधीन
News Affair Team
Sun, Aug 23, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों को पक्की छत देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने रविवार को बताया कि नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे हो चुके हैं। वहीं, प्रथम कैबिनेट बैठक में 18 लाख से अधिक आवासों के निर्माण का संकल्प लिया गया था। विभाग के मुताबिक प्रदेश में करीब 4 लाख आवास अभी निर्माणाधीन हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने और बनाने का संकल्प लिया गया था। इसके बाद पुराने और नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों के लिए राशि उपलब्ध कराकर निर्माण को गति दी गई। सरकार का फोकस केवल आवास स्वीकृत करने पर नहीं, बल्कि उन्हें समय पर पूरा कर हितग्राहियों को पक्की छत उपलब्ध कराने पर है।

पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख आवास पूरे
विजय शर्मा के मुताबिक, पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए गए। सरकार का दावा है कि यह देश में किसी राज्य की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। निर्माण की रफ्तार बनाए रखने के लिए विभागीय स्तर पर आवासों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
20.40 लाख मकान अब तक पूरे
प्रदेश में वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची के तहत पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा करीब 4 लाख मकानों का निर्माण फिलहाल जारी है। सरकार का लक्ष्य इन आवासों को भी जल्द पूरा कर पात्र परिवारों को उनका घर उपलब्ध कराना है।

पुराने लंबित आवास भी कराए जा रहे पूरे
सरकार ने स्पष्ट किया कि वर्तमान कार्यकाल में पूरे हुए 11 लाख से अधिक आवासों में केवल नए स्वीकृत मकान ही शामिल नहीं हैं। पिछले वित्तीय वर्षों में स्वीकृत और अलग-अलग कारणों से लंबित आवासों को भी राशि उपलब्ध कराकर पूरा कराया गया है। यानी सरकार ने पुराने लंबित आवासों के साथ नए आवासों के निर्माण को भी समान प्राथमिकता दी है।
PM जनमन और मुख्यमंत्री आवास योजना के मकान भी शामिल
वर्तमान कार्यकाल में अलग-अलग योजनाओं के तहत स्वीकृत आवास भी पूरे किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना: 48 हजार स्वीकृत, करीब 20 हजार पूर्ण
प्रधानमंत्री जनमन योजना: करीब 23 हजार आवास
विशेष परियोजनाएं: जरूरतमंद और वंचित परिवारों के लिए स्वीकृत आवास
इन योजनाओं के जरिए विशेष रूप से गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
‘कोई पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे’
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य हर गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना है। छत्तीसगढ़ सरकार इसी संकल्प के अनुरूप आवास निर्माण को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवासों का पूरा होना सरकार के लगातार प्रयासों का परिणाम है। करीब 4 लाख निर्माणाधीन आवासों को भी जल्द पूरा कराने पर फोकस है, ताकि प्रदेश का कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन