द्रोणाचार्य अवॉर्डी मलखंभ कोच पर POCSO केस : 16 साल की छात्रा का आरोप- वॉट्सऐप पर ‘Hi’ भेजकर जिम बुलाया; गोद में बैठाया
मुंबई.
द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित मलखंभ कोच गणेश प्रभाकर देवरुखकर के खिलाफ 16 साल की छात्रा की शिकायत पर POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। छात्रा का आरोप है कि कोच ने वॉट्सऐप पर उसे जिम्नेजियम बुलाया और वहां उसके साथ अनुचित व्यवहार किया।
पुलिस ने POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी कोच फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस जिम्नेजियम और आसपास के CCTV फुटेज के साथ वॉट्सऐप चैट की भी जांच कर रही है।
छात्रा कई साल से ले रही थी ट्रेनिंग
पुलिस के मुताबिक 16 वर्षीय छात्रा मुंबई के एक कॉलेज में पढ़ती है और कई वर्षों से आरोपी कोच से जिमनास्टिक की ट्रेनिंग ले रही थी। शिकायत के अनुसार घटना 21 अगस्त की सुबह की है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह घर पर पढ़ाई कर रही थी, तभी कोच का वॉट्सऐप मैसेज आया। इसमें सिर्फ 'Hi' लिखा था। छात्रा ने भी जवाब में 'Hi' लिखा और अपनी मां को इसकी जानकारी दी।
मां के कहने पर छात्रा ने कोच से मैसेज करने की वजह पूछी। आरोप है कि कोच ने उससे पूछा कि वह कहां है और फ्री हो तो जिम्नेजियम आकर मिलने के लिए कहा। छात्रा कई वर्षों से उससे ट्रेनिंग ले रही थी, इसलिए वह इसे ट्रेनिंग से जुड़ा काम समझकर जिम पहुंच गई।
छात्रा का आरोप- दरवाजा अंदर से बंद करने को कहा
शिकायत के मुताबिक, छात्रा जब जिम्नेजियम पहुंची तो वहां कोच अकेला था। आरोप है कि कोच ने उसे चप्पल अंदर लाने और दरवाजा अंदर से बंद करने को कहा।
इसके बाद दोनों के बीच कॉलेज और पढ़ाई को लेकर बातचीत हुई। छात्रा ने आरोप लगाया कि इसी दौरान कोच ने उसका हाथ पकड़ा और उसे अपनी ओर खींचा। छात्रा के मुताबिक, उसने वहां से उठने की कोशिश की तो कोच ने उसे पीछे से पकड़ लिया और उसके साथ अनुचित व्यवहार किया।
्
कॉलेज पहुंचकर टीचर को बताई पूरी बात
घटना के बाद छात्रा जिम्नेजियम से निकलकर सीधे कॉलेज पहुंची। वहां उसकी सहेलियों ने उसे परेशान देखा और घटना के बारे में पूछा। इसके बाद छात्रा ने अपनी टीचर को पूरी जानकारी दी। टीचर ने परिवार को इसकी सूचना दी। परिजन छात्रा को लेकर पुलिस के पास पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
CCTV और वॉट्सऐप चैट खंगाल रही पुलिस
पार्ले पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस जिम्नेजियम और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटा रही है।
पुलिस वॉट्सऐप पर हुई बातचीत और जिम्नेजियम में घटना के समय मौजूद परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है। मलखंभ फेडरेशन ऑफ इंडिया के एक अधिकारी के मुताबिक, मामले की जानकारी मुंबई मलखंभ फेडरेशन से मांगी गई है। अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन