स्कूल में मच्छर ने 6 साल की बच्ची को काटा : प्रोफेसर पिता ने DM से की शिकायत; बोले- बीमारी हुई तो जिम्मेदार कौन?
News Affair Team
Mon, Aug 24, 2026
लखनऊ.
शहर के कांठ रोड स्थित शिरडी साईं पब्लिक स्कूल में LKG में पढ़ने वाली 6 साल की बच्ची को मच्छर काटने के मामले ने स्कूल की साफ-सफाई और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्ची ने घर पहुंचकर पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पिता ने जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया को ई-मेल भेजकर स्कूल की शिकायत की।
बच्ची के पिता डॉ. सोनू सिंह एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उन्होंने 19 अगस्त को डीएम को शिकायत भेजी। उनका सवाल है कि अगर स्कूल में मच्छर काटने से बच्ची को कोई बीमारी होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?

पहली शिकायत के बाद भी दोबारा काटा मच्छर
प्रोफेसर ने शिकायत में बताया कि बेटी को पहली बार स्कूल में मच्छर काटा था। इसकी जानकारी स्कूल डायरी के जरिए विद्यालय प्रशासन को दी गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्कूल की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। इसके बाद बच्ची को दोबारा मच्छर ने काट लिया। इसी के बाद पिता ने मामले को लेकर प्रशासन से शिकायत की।
बोले- पूरी फीस देते हैं, सुरक्षित माहौल देना स्कूल की जिम्मेदारी
डॉ. सोनू सिंह का कहना है कि माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल के भरोसे छोड़ते हैं। ऐसे में स्कूल की जिम्मेदारी है कि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों से फीस ली जाती है, इसलिए साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्कूल की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
अमेरिका में 8 साल न्यूरोसाइंस पर रिसर्च का हवाला
डॉ. सोनू सिंह ने बताया कि वे करीब 8 साल तक अमेरिका में न्यूरोसाइकोलॉजी और न्यूरोसाइंसेज से जुड़े विषयों पर रिसर्च कर चुके हैं। इसी वजह से वे मच्छरों से होने वाली बीमारियों के संभावित खतरे को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से स्कूल में साफ-सफाई और मच्छरों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था कराने की मांग की है।

डीआईओएस ने स्कूल को फॉगिंग के निर्देश दिए
मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस ऋतु तोमर ने बताया कि शिकायत संज्ञान में आई है।
उन्होंने संबंधित निजी स्कूल में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी स्कूलों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। निर्देशों का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
डीएम ने सभी स्कूलों में सफाई के निर्देश दिए
डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक को सिर्फ संबंधित स्कूल ही नहीं, बल्कि जिले के अन्य स्कूलों में भी साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल प्रशासन ने फॉगिंग और सफाई व्यवस्था को लेकर स्कूलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन