उत्तराखंड में 5 दिन पहले दस्तक देगा मानसून : सामान्य से अधिक बारिश की संभावना; केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की गाड़ी पर गिरे पत्थर, 2 की मौत
News Affair Team
Sun, Jun 1, 2025
देहरादून/रुद्रप्रयाग.
उत्तराखंड में इस साल मानसून समय से पहले दस्तक देने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 10 जून तक मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। वहीं दूसरी ओर, रुद्रप्रयाग जिले में गौरीकुंड हाईवे पर बारिश के चलते हुए भूस्खलन में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौसम विभाग केंद्र, देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि इस बार प्रदेश में मानसून 5 दिन पहले यानी 10 जून तक पहुंच जाएगा। जून के पहले सप्ताह में ही प्री-मानसून की अच्छी बारिश देखने को मिलेगी, खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के दौर शुरू हो सकते हैं।

उत्तराखंड में औसतन 87 सेंटीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार 6% अधिक बारिश की संभावना है। यह आंकड़ा बढ़कर 108% तक भी पहुंच सकता है, जिससे नदियों का जलस्तर और भू-स्खलन जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।
छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की गाड़ी पर गिरे पत्थर
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर शुक्रवार शाम काकड़ागाड़ के पास एक मैक्स वाहन अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आ गया। हादसे में वाहन चालक और एक यात्री की मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री घायल हो गए।
हादसा शाम करीब 5:45 बजे हुआ जब श्रद्धालुओं की गाड़ी गौरीकुंड की ओर जा रही थी। मृतकों की पहचान चालक और 24 वर्षीय शैलेन्द्र कुमार पुत्र मोहन लाल यादव के रूप में हुई है।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को अगस्त्यमुनि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी यात्री छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

घायल यात्रियों की पहचान इस प्रकार है:
· लक्ष्मण (24 वर्ष) पुत्र धनीराम
· ओंकार सिंह राजपूत (25 वर्ष) पुत्र बीरेंद्र सिंह
· दिपेश यादव (19 वर्ष) पुत्र गोविंद यादव
· चित्रांश साहू (24 वर्ष) पुत्र ओंकार साहू
पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आए यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ें। भारी बारिश और भू-स्खलन वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन