'9 साल पहले शहर में गुंडागर्दी, माफिया थे' : प्रयागराज को CM योगी ने दी 400 करोड़ से ज्यादा की सौगात; 3 साल बेमिसाल पुस्तिका का किया विमोचन
News Affair Team
Tue, May 26, 2026
प्रयागराज.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निगम में आयोजित “मेयर के तीन साल बेमिसाल” कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नौ साल पहले प्रयागराज की स्थिति बेहद खराब थी। शहर में गुंडागर्दी, अराजकता और भू-माफियाओं का दबदबा था, जबकि बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की सख्त नीतियों और प्रशासनिक कार्रवाई के चलते आज प्रयागराज विकास, सुरक्षा और सुशासन का प्रतीक बनकर उभरा है।

400 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने करीब 400 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही नगर निगम के नए सदन हॉल का शिलान्यास भी किया।
उन्होंने सफाई कर्मियों को किट वितरित की और नगर निगम की नई सफाई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मेयर ने पौधा देकर किया स्वागत
मंच पर प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंट कर स्वागत किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे।

संगम पहुंचकर की मां गंगा की आरती
नगर निगम कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री संगम क्षेत्र पहुंचे। यहां VIP घाट पर उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की।
उन्होंने दूध, पंचामृत और गंगाजल से अभिषेक भी किया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
‘पहले व्यापारी परेशान रहते थे’
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रयागराज में अपराध और भू-माफियाओं का असर दिखाई देता था। व्यापारी और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस करते थे।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद अपराध और माफिया गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया गया, जिससे शहर में सुरक्षा का माहौल बना है।
महाकुंभ का भी किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 45 दिनों तक चले महाकुंभ आयोजन में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया।
उन्होंने कहा कि एक समय कुंभ को लेकर लोगों के मन में आशंकाएं रहती थीं, लेकिन 2019 के आयोजन के बाद प्रयागराज को नई पहचान मिली।
स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर साधा निशाना
कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश आर्थिक संकट और अव्यवस्था से जूझ रहा था।
उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार बनने के बाद ईमानदारी से विकास कार्य हुए और कानून व्यवस्था मजबूत हुई।

विकास पुस्तिका का विमोचन
मुख्यमंत्री ने नगर निगम द्वारा तैयार पिछले तीन वर्षों के विकास कार्यों पर आधारित विशेष पुस्तिका का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम परिषद की गैलरी में लगी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस दौरान नगर आयुक्त Shelam Sai Teja भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन