राजस्थान में स्कूल बिल्डिंग गिरी, 6 बच्चों की मौत : 30 गंभीर घायल, हादसे के दौरान चल रही थी क्लास; मलबे से मासूमों को गांववालों ने निकाला
झालावाड़.
राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना ब्लॉक स्थित पीपलोदी सरकारी स्कूल में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल की जर्जर बिल्डिंग का एक क्लासरूम अचानक ढह गया, जिसमें 7वीं कक्षा के 35 छात्र पढ़ाई कर रहे थे। हादसे में 6 बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों और टीचरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और मलबे में दबे सभी बच्चों को बाहर निकाला गया। 11 बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बारिश के बीच ढहा क्लासरूम, दो टीचर बाहर थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब बच्चे क्लास में पढ़ाई कर रहे थे। उसी समय तेज बारिश के चलते क्लासरूम की छत भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के वक्त दोनों शिक्षक बिल्डिंग के बाहर मौजूद थे, जिससे वे बच गए। गांववालों ने बताया कि स्कूल में कुल 7 कमरे हैं, जिनमें से कई जर्जर हालत में हैं।
6 मृतक बच्चों की अब तक हुई पहचान
हादसे में जिन 6 मासूम बच्चों की मौत हुई है, उनमें से 5 की पहचान हो चुकी है:
पायल (14) पुत्री लक्ष्मण
प्रियंका (14) पुत्री मांगीलाल
कार्तिक (8) पुत्र हरकचंद
हरीश (8) पुत्र बाबूलाल
मीना रेदास
छठवें मृतक बच्चे की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
9 गंभीर घायल बच्चों को झालावाड़ किया गया रेफर
इन गंभीर रूप से घायल बच्चों को जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया:
कुंदन (12) पुत्र वीरम
मिनी (13) पुत्री छोटूलाल
वीरम (8) पुत्र तेजमल
मिथुन (11) पुत्र मुकेश
आरती (9) पुत्री हरकचंद
विशाल (9) पुत्र जगदीश
अनुराधा (7) पुत्री लक्ष्मण
राजू (10) पुत्र दीवान
शाहीना (8) पुत्री जगदीश
स्कूल में बिखरी किताबें, चीख-पुकार से गूंजा गांव
हादसे के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की किताबें, बैग और कपड़े बिखरे हुए देखे गए। ग्रामीणों ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान बच्चों की चीखें दिल दहला देने वाली थीं। कई बच्चों को मलबे से निकालने में एक घंटा लग गया।
बच्चों को ढूंढते रहे मां-बाप
गांववालों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही सभी लोग स्कूल की ओर दौड़े। पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। बदहवास मां-बाप मलबे में बच्चों के ढूंढते नजर आए।

शिक्षा मंत्री बोले: हजारों स्कूल भवन जर्जर
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि राज्य में हजारों स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं। इनकी मरम्मत और निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा, “फिलहाल प्राथमिकता घायलों का इलाज है। सभी घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर कराया जाएगा। हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी।”
हादसे के प्रभावितों को हरसंभव मदद दी जा रही- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा की घायलों की हरसंभव मदद की जा रही है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, जांच के निर्देश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं। उन्होंने हादसे की तत्काल जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन