PM मोदी का पाकिस्तान को सख्त संदेश : भोपाल में प्रधानमंत्री ने कहा- आतंकियों के मददगारों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी; इंदौर मेट्रो और नए एयरपोर्ट्स का उद्घाटन
News Affair Team
Sun, Jun 1, 2025
भोपाल.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि "गोली का जवाब अब गोले से दिया जाएगा।" उन्होंने कहा कि आतंकियों ने भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति को चुनौती दी थी, और अब यही चुनौती उनके लिए काल बन चुकी है।
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारेगा। उन्होंने कहा कि, “पहलगाम में हमारे देश की नारी शक्ति को चुनौती दी गई, लेकिन अब यह सिंदूर भारत के शौर्य का प्रतीक बन गया है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी आतंकी संगठनों की मदद करेगा, उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़े ऐलान
भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित महासम्मेलन में पीएम मोदी ने महिला केंद्रित कई योजनाओं पर प्रकाश डाला:
1. मुद्रा योजना: अब तक 75% लाभार्थी महिलाएं बनी हैं।
2. लखपति दीदी योजना: 1.5 करोड़ महिलाएं लखपति बन चुकी हैं।
3. नमो ड्रोन दीदी अभियान: महिलाएं अब ड्रोन टेक्नोलॉजी में भी नेतृत्व कर रही हैं।
4. आयुष्मान भारत योजना: 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज अब माताओं-बहनों के लिए सुलभ।
5. जनधन योजना: 30 करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते खोले गए।
6. पीएम आवास योजना: 4 करोड़ घरों में से अधिकांश महिलाओं के नाम पर हैं।

इंदौर को मिली मेट्रो की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअली इंदौर मेट्रो का लोकार्पण किया, जो देवी अहिल्याबाई होल्कर टर्मिनल से शुरू होकर वीरांगना झलकारी बाई स्टेशन तक जाती है। मेट्रो का यह 6 किमी येलो लाइन कॉरिडोर प्रदूषण कम करने और शहरी परिवहन को नया आयाम देने का काम करेगा।
पहले सप्ताह मेट्रो में सफर मुफ्त रहेगा। दो स्टेशनों के बीच किराया ₹20 और अधिक स्टेशनों के लिए ₹30 तय किया गया है।

दो नए एयरपोर्ट का उद्घाटन: सतना और दतिया
पीएम मोदी ने भोपाल से वर्चुअली दो हवाई अड्डों का लोकार्पण किया:
सतना एयरपोर्ट
· 19 सीटर विमानों की उड़ान सेवा शुरू
· पहली उड़ान में 7 आदिवासी महिलाएं सवार
· लाभान्वित जिले: सतना, पन्ना, मैहर, चित्रकूट, सीधी
· किराया: केवल ₹1,000 से शुरू
· सुविधाएं: एयर कंडीशन टर्मिनल, सुरक्षा उपकरण, बैकअप सिस्टम आदि
दतिया एयरपोर्ट
· पहली फ्लाइट में पायलट समेत 8 महिलाएं सवार
· अब दतिया से भोपाल और खजुराहो की सीधी कनेक्टिविटी
· फ्लाइट का नाम “सिंदूर” रखने का प्रस्ताव
· एयरपोर्ट से धार्मिक पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
· उड़ान समय: भोपाल-दतिया (1 घंटे 10 मिनट), दतिया-खजुराहो (40 मिनट)
महिला बुनकरों और ‘ड्रोन दीदी’ से संवाद
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर खुले जीप में पहुंचकर महिला बुनकरों और ड्रोन दीदी से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने नई तकनीक से महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर संतोष जताया।
पीएम मोदी का समापन संदेश
"हमारी सरकार लोकमाता देवी अहिल्याबाई के मूल्यों पर चलती है। हर योजना के केंद्र में हमारी माताएं, बहनें और बेटियां हैं।"




विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन