छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट : बस्तर, सुकमा सहित 4 जिलों में रेड अलर्ट, रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
News Affair Team
Mon, Oct 26, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर से बारिश और गरज-चमक का दौर शुरू होने की संभावना है।
28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अत्यंत भारी बारिश का खतरा है, जबकि 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 70 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

27 अक्टूबर: बस्तर संभाग के 4 जिलों में यलो अलर्ट
मंगलवार को बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी/घंटा रह सकती है, जबकि झोंके 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं।
28 अक्टूबर: बस्तर संभाग में रेड अलर्ट
बुधवार को सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
इसी दिन नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और राजनांदगांव में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट बताया गया है।
रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़, बस्तर संभाग से लगे कुछ अन्य जिलों, जशपुर, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में भी बारिश और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट की जानकारी दी गई है।
29 अक्टूबर: बिलासपुर, मुंगेली और GPM में रेड अलर्ट
गुरुवार को मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बिलासपुर में अत्यंत भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट बताया गया है।
बेमेतरा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं, सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी गई है।
तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम खराब होने पर खुले मैदान में जाने से बचें। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों के नीचे खड़े न हों। तेज हवा के दौरान कमजोर ढांचों और होर्डिंग के आसपास भी सतर्क रहें।
किसानों और यात्रियों को भी मौसम की ताजा जानकारी देखकर ही काम और यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है। बारिश की तीव्रता जिले और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन