एडल्ट कंटेंट से यूक्रेन जुटाएगा ₹236 करोड़ : रूस से जंग के बीच कारोबार को कानूनी बनाने की तैयारी, 30 हजार ड्रोन खरीदने का दावा
कीव.
रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन सरकार देश में चल रहे एडल्ट कंटेंट के कारोबार को कानूनी दायरे में लाने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही इस कारोबार से होने वाली कमाई पर टैक्स लगाने की तैयारी है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, इससे यूक्रेन सरकार को हर साल करीब 2.5 करोड़ डॉलर यानी लगभग ₹236 करोड़ की अतिरिक्त आय हो सकती है।
यूक्रेन के सांसदों का तर्क है कि युद्ध के बीच सरकार को अतिरिक्त राजस्व की जरूरत है। एक सांसद के मुताबिक, करीब ₹236 करोड़ की रकम से 30 हजार ड्रोन खरीदे जा सकते हैं।

संसद की पहली रीडिंग में बिल पास
यूक्रेन की संसद ने जुलाई में इस प्रस्ताव को पहली रीडिंग में मंजूरी दे दी थी। इसके पक्ष में 231 सांसदों ने वोट किया, जबकि 8 ने विरोध किया। तीन सांसद मतदान से दूर रहे। अब बिल को दूसरी रीडिंग के लिए पेश किया जाना है।
प्रस्ताव में वयस्कों की सहमति से बनाए गए एडल्ट कंटेंट को अपराध की श्रेणी से बाहर करने की बात है। हालांकि बच्चों से जुड़ी पोर्नोग्राफी को अपराध बनाए रखने और ऐसे मामलों में सजा और सख्त करने का प्रावधान प्रस्तावित है।

सरकार की कमाई के साथ भ्रष्टाचार रोकने का तर्क
इस बिल के पीछे सिर्फ टैक्स से कमाई बढ़ाने का मकसद नहीं बताया जा रहा। समर्थकों का कहना है कि मौजूदा कानून के कारण यह कारोबार बड़े पैमाने पर छिपकर चल रहा है। इससे क्रिएटर्स और अधिकारियों के बीच रिश्वत, दबाव और भ्रष्टाचार की स्थिति बनती है।
प्रस्ताव के समर्थक सांसद यारोस्लाव झेलेजनियाक का कहना है कि पुलिस को वयस्कों के बीच बनाए गए एडल्ट कंटेंट के मामलों में उलझने के बजाय बच्चों के यौन शोषण और अन्य गंभीर अपराधों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के तीन क्षेत्रों में अधिकारियों पर एडल्ट कंटेंट से जुड़े लोगों से रिश्वत लेने के आरोप भी सामने आए हैं।

2023 में 8 हजार यूक्रेनियों ने OnlyFans से कमाए ₹1,237 करोड़
यूक्रेन में एडल्ट कंटेंट का ऑनलाइन कारोबार काफी बड़ा हो चुका है। खासकर OnlyFans जैसे प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यूक्रेनी क्रिएटर्स सक्रिय हैं।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, 2023 में करीब 8 हजार यूक्रेनियों ने OnlyFans से 13.1 करोड़ डॉलर यानी करीब ₹1,237 करोड़ कमाए थे। यह सिर्फ इस प्लेटफॉर्म से हुई कमाई है। पूरे एडल्ट-कंटेंट कारोबार की कमाई इससे कहीं ज्यादा हो सकती है।
समस्या यह है कि मौजूदा यूक्रेनी कानून में पोर्न कंटेंट बनाना और उसका वितरण गैरकानूनी है। ऐसे में क्रिएटर्स के लिए अपनी कमाई घोषित कर उस पर टैक्स देना भी जोखिम भरा है।
कमाई घोषित की तो कानूनी जांच का डर
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ क्रिएटर्स ने अपनी कमाई सरकार को बताकर टैक्स चुकाने की कोशिश की। लेकिन इसके बाद उन्हें सिर्फ टैक्स से जुड़े मामलों में ही नहीं, बल्कि पोर्नोग्राफी कानून के तहत भी जांच का सामना करना पड़ा।
बिल के समर्थकों का कहना है कि जब कारोबार पहले से बड़े पैमाने पर चल रहा है, तो इसे स्पष्ट नियमों के साथ कानूनी दायरे में लाकर सरकार को टैक्स वसूलना चाहिए।
एक क्रिएटर ने अब तक ₹8.5 करोड़ टैक्स देने का दावा किया
रिपोर्ट में एडल्ट कंटेंट क्रिएटर स्वितलाना द्वोर्निकोवा का भी जिक्र है। उनका दावा है कि वह अब तक करीब 9 लाख डॉलर यानी लगभग ₹8.5 करोड़ टैक्स चुका चुकी हैं।
उनका कहना है कि अगर सरकार इस कारोबार को कानूनी मान्यता देती है और इससे टैक्स वसूलती है, तो युद्ध के दौरान सरकार को अतिरिक्त पैसा मिल सकता है। इस रकम का इस्तेमाल ड्रोन और दूसरे सैन्य उपकरण खरीदने में किया जा सकता है।
द्वोर्निकोवा पहले भी एडल्ट कंटेंट क्रिएटर्स पर कार्रवाई का मुद्दा उठा चुकी हैं। उन्होंने इस संबंध में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की वेबसाइट पर एक याचिका भी दायर की थी। याचिका को 25 हजार से ज्यादा लोगों का समर्थन मिला था। इसके बाद जेलेंस्की ने संसद से इस मुद्दे पर विचार करने को कहा था।
OnlyFans पर सिर्फ एडल्ट कंटेंट ही नहीं
OnlyFans की शुरुआत 2016 में हुई थी। यह ऐसा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है जहां क्रिएटर्स अपने कंटेंट के लिए यूजर्स से सब्सक्रिप्शन फीस लेते हैं। प्लेटफॉर्म क्रिएटर्स की कमाई का करीब 20% हिस्सा रखता है।
प्लेटफॉर्म पर एडल्ट कंटेंट के अलावा फिटनेस, म्यूजिक, कुकिंग और अन्य तरह का कंटेंट भी उपलब्ध है। 2025 में OnlyFans की कमाई करीब 1.55 अरब डॉलर यानी लगभग ₹14,600 करोड़ बताई गई। इसी साल यूजर्स ने प्लेटफॉर्म पर करीब 7.8 अरब डॉलर यानी लगभग ₹74 हजार करोड़ खर्च किए।
युद्ध में रक्षा खर्च GDP के 40% से ज्यादा
यूक्रेन फरवरी 2022 से रूस के साथ युद्ध में है। युद्ध के कारण देश के बजट पर भारी दबाव है और रक्षा खर्च लगातार बढ़ा है। विश्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में यूक्रेन ने सुरक्षा और रक्षा पर करीब 3.83 ट्रिलियन ह्रीव्निया खर्च किए, जो देश की GDP का लगभग 42.9% था।
अगस्त 2026 में यूक्रेन के नए रक्षा मंत्री ने बताया था कि 2026 के सैन्य बजट में देश को करीब 27 अरब डॉलर की कमी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में एडल्ट कंटेंट कारोबार से मिलने वाले करीब ₹236 करोड़ युद्ध खर्च के मुकाबले छोटी रकम है, लेकिन सरकार के लिए मौजूदा कारोबार से अतिरिक्त टैक्स जुटाने का एक नया स्रोत जरूर बन सकती है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन