ट्विशा शर्मा का मौत के 12 दिन बाद आज अंतिम संस्कार : 3 घंटे चला दोबारा पोस्टमॉर्टम; दिल्ली AIIMS की टीम बंद लिफाफे में सौंपेगी रिपोर्ट
News Affair Team
Sun, May 24, 2026
भोपाल.
रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में रविवार को भोपाल AIIMS में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया। दिल्ली AIIMS की चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने करीब तीन घंटे तक पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी की। टीम जांच से जुड़े सैंपल तीन बॉक्स में अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
इधर, पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया। घर में अर्थी सजाई जा रही थी, तभी ट्विशा की मां भावुक होकर रो पड़ीं। भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि शाम को भदभदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बहन स्वाति शर्मा ने कहा कि ट्विशा की सास और पति को श्मशान घाट में आने भी नहीं दिया जाएगा। वहीं पिता नवनिधि शर्मा ने मामले को जल्द CBI को सौंपने की मांग दोहराई।

सुप्रीम कोर्ट भी हुआ सख्त
ट्विशा केस में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच मामले की सुनवाई करेगी। उधर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहले ही दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश दे चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मामले की CBI जांच के लिए सहमति दे चुके हैं। राज्य सरकार केंद्र को जांच संबंधी पत्र भेज चुकी है।

पति समर्थ 7 दिन की पुलिस रिमांड पर
ट्विशा के पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। साथ ही उसका पासपोर्ट जब्त करने के आदेश भी दिए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में समर्थ ने दावा किया कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे। उसने बताया कि 17 अप्रैल को ट्विशा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा।
समर्थ के मुताबिक, ट्विशा घरेलू जीवन को लेकर परेशान रहती थी और अक्सर दिल्ली या अजमेर जाने की बात करती थी। हालांकि पुलिस का मानना है कि आरोपी खुद को बचाने के लिए भ्रामक जानकारी देने की कोशिश कर रहा है।

12 मई की रात क्या हुआ?
पुलिस पूछताछ में समर्थ ने बताया कि 12 मई की शाम ट्विशा पार्लर से लौटने के बाद उसके साथ वॉक पर गई थी। दोनों ने साथ खाना भी खाया। रात में ट्विशा नीचे कमरे में जाकर अपने माता-पिता से फोन पर बात कर रही थी।
कुछ देर बाद समर्थ की मां गिरिबाला सिंह ने बताया कि ट्विशा दिखाई नहीं दे रही। जब वे छत पर पहुंचीं तो कथित तौर पर ट्विशा फंदे से लटकी मिली।
समर्थ का कहना है कि उसने और उसकी मां ने मिलकर फंदा हटाया और AIIMS अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायका पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया
12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में हुई इस मौत को ससुराल पक्ष आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायका पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मामले में रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की जा चुकी है। गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग को लेकर भोपाल कोर्ट में सोमवार को सुनवाई होगी।

48 घंटे में तेजी से बदला घटनाक्रम
22 मई को बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। उसी दिन मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश दिए।
इसके बाद पुलिस ने समर्थ सिंह को जबलपुर कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किया। शुक्रवार देर रात उसे भोपाल लाया गया। शनिवार को कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
पुलिस अब क्या करेगी?
पुलिस अब रिमांड के दौरान समर्थ को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम को री-क्रिएट करेगी। घटना वाले दिन की टाइमलाइन, फोन कॉल, CCTV और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।
उधर, परिवार और सामाजिक संगठनों का दबाव बढ़ने के बाद यह मामला अब प्रदेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन