'बिग ब्यूटीफुल बिल' से इलॉन मस्क नाराज : ट्रम्प प्रशासन से दिया इस्तीफा, DOGE प्रमुख का पद छोड़ा; लिखा- मेरा टाइम पूरा हुआ
वाशिंगटन.
टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक, अमेरिकी अरबपति इलॉन मस्क ने ट्रम्प प्रशासन से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 5:30 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी साझा की। मस्क ने लिखा, “स्पेशल गवर्नमेंट एम्पलॉयी के तौर पर मेरा समय पूरा हुआ।” उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को इस जिम्मेदारी के लिए धन्यवाद भी दिया।
मस्क को ट्रम्प ने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का प्रमुख नियुक्त किया था, जिसका उद्देश्य सरकारी खर्चों में कटौती और फिजूलखर्ची रोकना था।
कार्यकाल खत्म होने से एक दिन पहले इस्तीफा
सूत्रों के अनुसार, ट्रम्प ने मस्क की नियुक्ति 30 मई 2025 तक के लिए की थी। लेकिन मस्क ने कार्यकाल समाप्त होने से एक दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया। हालांकि इस्तीफे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि इसका संबंध ट्रम्प के 'बिग ब्यूटीफुल बिल' से है।
मस्क का विरोध: 'बिल' बचत के उद्देश्य के खिलाफ
मस्क पहले से ही उस विधेयक का विरोध कर रहे थे, जिसे ट्रम्प 'बिग ब्यूटीफुल' बता रहे थे। मस्क ने कहा था कि यह विधेयक DOGE के खर्च में कटौती के लक्ष्य के खिलाफ है।
'बिग ब्यूटीफुल बिल' के पांच विवादित बिंदु:
इनकम टैक्स और एस्टेट टैक्स में 2017 की कटौती को स्थायी बनाना।
ओवरटाइम और सोशल सिक्योरिटी इनकम पर टैक्स में छूट।
बॉर्डर सिक्योरिटी और सेना को मजबूत करने पर ज्यादा खर्च।
सरकारी धोखाधड़ी, फिजूलखर्ची रोकने के सख्त उपाय।
सरकारी कर्ज की सीमा (Debt Ceiling) को बढ़ाना।
मस्क का ट्रम्प से भी दूर होने के संकेत
इस्तीफे से एक दिन पहले CBS को दिए इंटरव्यू में मस्क ने कहा, “राजनीति में जितना करना था, कर लिया। अब किसी को चंदा नहीं दूंगा।”
वॉशिंगटन पोस्ट को उन्होंने बताया, “फेडरल ब्यूरोक्रेसी जितनी खराब सोची थी, उससे कहीं ज्यादा है।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मस्क अब पूरी तरह टेस्ला, स्पेसएक्स और अपनी AI कंपनी xAI पर ध्यान देने जा रहे हैं।
DOGE के भविष्य को लेकर चार बड़ी चुनौतियां
प्रभाव में गिरावट: मस्क के जाने से DOGE की कार्यकुशलता और रफ्तार पर असर पड़ सकता है।
कानूनी संकट: पारदर्शिता और डेटा सुरक्षा को लेकर DOGE पहले से ही विवादों में है।
नया नेतृत्व: अगर सक्षम उत्तराधिकारी नहीं मिला तो $1 ट्रिलियन की बचत का लक्ष्य अधूरा रह सकता है।
समय की कमी: DOGE को जुलाई 2026 तक अपना कार्य पूरा करना है, जो अब मुश्किल हो सकता है।
पहले भी मस्क-ट्रम्प में कई बार हुए मतभेद
1. UAE में डेटा सेंटर कॉन्ट्रैक्ट को लेकर नाराज़गी
22 मई को OpenAI को UAE में बड़ा AI डेटा सेंटर बनाने का कॉन्ट्रैक्ट मिला। मस्क की कंपनी xAI भी इस सौदे में शामिल होना चाहती थी लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। इसके बाद मस्क ने ट्रम्प के सलाहकारों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
2. फंडिंग विवाद
मस्क ने 2024 के चुनाव में ट्रम्प के लिए 250 मिलियन डॉलर खर्च किए थे। उन्होंने 2026 के मिडटर्म चुनाव से पहले 100 मिलियन डॉलर का वादा किया था, जो अब तक नहीं दिया गया।
3. पेंटागन से जुड़ी सीक्रेट जानकारी का विवाद
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार मस्क को 21 मार्च को चीन पर एक टॉप सीक्रेट ब्रीफिंग दी जानी थी। ट्रम्प ने रिपोर्ट को फर्जी बताया और कहा कि मस्क को चीन से जुड़ी जानकारी नहीं दी जाएगी। बाद में मस्क ने 'द टैंक' में जाने की बजाय रक्षा मंत्री के कार्यालय में मीटिंग की। यह मामला लीक होने के बाद दो सीनियर अधिकारियों को हटा दिया गया।
4. कैबिनेट मीटिंग में बहस
8 मार्च की कैबिनेट मीटिंग में मस्क और विदेश मंत्री मार्क रुबियो के बीच बहस हो गई थी। जब विवाद बढ़ा तो ट्रम्प ने रुबियो का समर्थन किया, जिससे मस्क नाराज़ हुए।
मस्क के चार फैसले, जिनपर उठे सवाल
DOGE टीम ने ट्रेजरी और सोशल सिक्योरिटी विभाग का डेटा एक्सेस किया, जिसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया।
56,000 सरकारी कर्मचारियों की छंटनी की गई, जिससे नाराज होकर 75,000 ने खुद इस्तीफा दे दिया।
सभी कर्मचारियों से ईमेल के जरिए कार्य विवरण मांगा गया, जिसे कई एजेंसियों ने नजरअंदाज किया।
USAID और वॉयस ऑफ अमेरिका जैसी संस्थाओं की फंडिंग बंद करने की कोशिश की गई।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन