Gold Silver Price : सोना चढ़ा, चांदी फिसली… लेकिन कहानी सिर्फ रेट की नहीं है
बिजनेस डेस्क.
इस हफ्ते बाजार में हल्की-सी खनक और थोड़ी-सी खामोशी रही। सोना ऊपर गया, चांदी नीचे आई।
13 फरवरी को सोने का भाव 687 रुपए बढ़कर 1,52,765 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। 6 फरवरी को यही 1,52,078 रुपए था।
उधर चांदी 2,496 रुपए गिरकर 2,42,433 रुपए प्रति किलो पर आ गई। 6 फरवरी को 2,44,929 रुपए थी।
लेकिन रुकिए… इसी हफ्ते 11 फरवरी को सोना 1,57,322 रुपए और चांदी 2,66,449 रुपए तक पहुंच गई थी। यानी बाजार में झूला चल रहा है।

साल 2026 में अब तक कितना बढ़ा सोना?
31 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट सोना 1,33,195 रुपए था। अब 1,52,765 रुपए। यानी सिर्फ डेढ़ महीने में 19,570 रुपए की तेजी।
चांदी भी पीछे नहीं- 31 दिसंबर 2025 को 2,30,420 रुपए थी। अब 2,42,433 रुपए।
यानी 12,013 रुपए महंगी।
2025 का रिकॉर्ड: जब सोना-चांदी ने इतिहास लिखा
2025 में सोना 75% चढ़ा। 76,162 रुपए से 1,33,195 रुपए। चांदी?
167% उछाल! 86,017 रुपए से सीधे 2,30,420 रुपए। यानी जिसने धैर्य रखा, उसने दौलत बनाई।
भारतीय घरों में कितना सोना?
एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय परिवारों के पास करीब 34,600 टन सोना है। इसकी कुल वैल्यू 5 ट्रिलियन डॉलर (करीब ₹450 लाख करोड़) से ज्यादा है।
ध्यान दीजिए - यह देश की कुल GDP (करीब 4.1 ट्रिलियन डॉलर) से भी ज्यादा है। यानी भारतीयों का असली “सेफ डिपॉजिट बॉक्स” बैंक नहीं, अलमारी है।
लेकिन क्या लोग ज्यादा खर्च करने लगे?
आमतौर पर माना जाता है कि जब संपत्ति की कीमत बढ़ती है, तो लोग खुद को अमीर महसूस करते हैं और खर्च बढ़ाते हैं। इसे “वेल्थ इफेक्ट” कहते हैं।
लेकिन रिपोर्ट कहती है — भारत में 75-80% सोना ज्वेलरी के रूप में है। लोग इसे बेचने के लिए नहीं, परंपरा और लॉन्ग टर्म सेविंग के लिए रखते हैं। इसलिए कीमत बढ़ने से रोजमर्रा की खपत पर ज्यादा असर नहीं पड़ता।
RBI भी खरीद रहा है सोना
सिर्फ घरों में ही नहीं, सरकारी तिजोरी में भी सोना बढ़ रहा है। Reserve Bank of India ने 2024 से अब तक 75 टन सोना जोड़ा है।
अब भारत का कुल गोल्ड रिजर्व 880 टन हो चुका है। यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार का करीब 14% है।
चीन भी दौड़ में
भारत ही नहीं, People's Bank of China भी बड़े पैमाने पर सोना खरीद रहा है।
क्यों? डॉलर पर निर्भरता कम करने और जियो-पॉलिटिकल जोखिम से बचने के लिए।
जब दुनिया के बड़े देश सोना जमा कर रहे हों, तो बाजार का संकेत साफ है - अनिश्चित समय में सोना ही भरोसा।
इंटरनेशनल मार्केट का हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस (करीब 28 ग्राम) के पार ट्रेड कर रहा है।
रुपए में बदलें तो लगभग 1.30 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम बैठता है।
भारत में अभी रेट 1.52 लाख के आसपास है — यानी घरेलू मांग और टैक्स का असर साफ दिखता है।

सोना खरीदते समय ध्यान रखें
BIS हॉलमार्क जरूर देखें
Bureau of Indian Standards का हॉलमार्क लगा सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। अल्फान्यूमेरिक कोड से शुद्धता पता चलती है।
कीमत क्रॉस चेक करें
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन जैसी वेबसाइट से रेट मिलाएं। 24K, 22K और 18K का रेट अलग होता है।
असली चांदी की पहचान
मैग्नेट टेस्ट: चिपकी तो फेक
आइस टेस्ट: तेजी से पिघली तो असली
स्मेल टेस्ट: गंध नहीं होनी चाहिए
कपड़ा टेस्ट: काला निशान आया तो शुद्ध
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन