Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

14th July 2026

ब्रेकिंग

कारोबार होगा आसान, निवेश को रफ्तार; देश का पहला Ease of Doing Business कानून

नाना से मिली महाभारत सुनाने की प्रेरणा; 13 साल की उम्र में पहली बार किया गायन

वारदात के बाद खुद पर भी किया हमला; जमीन की रजिस्ट्री को लेकर था विवाद

शादी के तीसरे दिन ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली, फिर नहीं लौटी

6 महीने से फरार था राजेश मरकाम; आगजनी, पुलिस पर पथराव, महिला कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ी

क्राइम सीरीज देखकर इंजीनियर पति ने बनाया मर्डर प्लान : टीचर पत्नी की 60 हजार में दी सुपारी; स्कूटी से टक्कर मारी, फिर रॉड से पीट-पीटकर ली जान

News Affair Team

Fri, May 30, 2025

बालोद.

बालोद जिले में शिक्षिका बरखा वासनिक की रहस्यमयी मौत के पीछे एक ऐसा सच सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया। यह महज एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी, जिसकी पटकथा खुद पति शीशपाल वासनिक ने रची थी। पेशे से विद्युत विभाग का इंजीनियर शीशपाल सिर्फ हत्या की योजना में शामिल था, बल्कि उसने इससे जुड़ी 150 से ज्यादा क्राइम स्टोरीज और यूट्यूब वीडियोज देख कर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

यह घटना 22 मार्च 2025 को दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के मानपुर रोड स्थित बजरंग बली मंदिर के पास हुई थी। एक स्कूटी पर सवार शिक्षिका बरखा वासनिक और उनकी सहेली मथुरा मंडावी सड़क पर गिरी हुई पाई गईं। जहां मौके पर ही बरखा की मौत हो गई, वहीं मथुरा गंभीर रूप से घायल हुईं।

शुरुआत में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया, लेकिन मृतका की बहन प्रियंका डाहार ने लगातार इसे हत्या बताया और पुलिस अधिकारियों से जांच की मांग की। आखिरकार जब मामले की हत्या के एंगल से जांच शुरू हुई, तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं।

150 क्राइम स्टोरी देखकर बनाई मर्डर स्क्रिप्ट

आरोपी पति शीशपाल वासनिक, जो भिलाई-3 में विद्युत विभाग में इंजीनियर है, ने पूछताछ में माना कि उसने पत्नी की हत्या की पूरी प्लानिंग की थी। तलाक की प्रक्रिया अदालत में चल रही थी, लेकिन कानूनी तौर पर वे अब भी पति-पत्नी थे। इस बीच शीशपाल ने यूट्यूब और गूगल पर 150 से अधिक क्राइम स्टोरीज और मर्डर प्लानिंग के वीडियो देखे।

60 हजार में दी सुपारी, लोकेशन छिपाने की तरकीब

बालोद एसपी योगेश पटेल ने बताया कि शीशपाल ने भिलाई निवासी कयामुद्दीन (24) को 60 हजार रुपए में हत्या की सुपारी दी। हत्या से एक दिन पहले उसने मोबाइल लोकेशन छिपाने के लिए एक फोन ऑफिस के स्वीपर राहुल रात्रे को दे दिया और उसे तय नंबरों पर कॉल करने को कहा। वहीं, एक दूसरा मोबाइल उसने ड्राइवर को देकर उसे भी अलग-अलग स्थानों से कॉल करने कहा, ताकि पुलिस को लगे वह दुर्ग में है।

स्कूटी को मारी टक्कर, फिर लोहे की रॉड से हमला

22 मार्च को शीशपाल और कयामुद्दीन ने बिना नंबर प्लेट वाली बोलेरो से बरखा की स्कूटी की रेकी की। जैसे ही स्कूटी मंदिर के पास उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने लगी, शीशपाल ने टक्कर मारने का इशारा किया। स्कूटी गिरते ही शीशपाल ने गाड़ी से उतर कर लोहे की रॉड से बरखा पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया।

बच्चों से पूछताछ ने खोला राज

बरखा जिस हाईस्कूल में व्याख्याता थीं, वहां के बच्चों ने बताया कि एक अजनबी व्यक्ति स्कूल के बाहर बरखा की छुट्टी का समय पूछ रहा था। जब बच्चों को शीशपाल की तस्वीर दिखाई गई, तो उन्होंने उसे पहचान लिया। यह पुलिस जांच में निर्णायक मोड़ बना।

दहेज से शुरू हुआ विवाद, हिंसा तक पहुंचा रिश्ता

बरखा की बहन प्रियंका ने बताया कि 28 अप्रैल 2016 को बरखा की शादी हुई थी। शादी के अगले ही दिन से 4 लाख रुपए दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। मारपीट की घटनाएं होती रहीं और एक समय दोनों अलग हो गए। बरखा के पास पहले से दर्ज मारपीट की शिकायतें भी थीं।

मासूम बच्चों से छीन ली मां

बरखा के भाई शुभम कुटारे ने बताया कि बरखा के दो छोटे बच्चे, बेटा अरियांश (कक्षा 1) और बेटी नव्या (कक्षा 2) अब दुर्ग में अपनी नानी के पास रह रहे हैं। उन्होंने कहा, "इन मासूमों को कभी पिता का प्यार नहीं मिला, अब उनकी मां भी उनसे छीन ली गई।"

बोलेरो, मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल रॉड जब्त

दल्लीराजहरा की सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा ने बताया कि आरोपी शीशपाल और कयामुद्दीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों की निशानदेही पर बोलेरो वाहन, लोहे की रॉड, कॉल लिस्ट और मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। मामले की गहन जांच जारी है।

न्याय की उम्मीद में परिजन

परिवार अब न्याय की उम्मीद में है। बरखा की बहन प्रियंका ने कहा- "अगर हमने हार मान ली होती, तो यह हत्या दुर्घटना में दबा दी जाती। हमारी बहन को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को सख्त सजा।"

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन