महिला ने शादीशुदा युवक को बनाया दूल्हा : बिलासपुर में मैरिज ब्यूरो संचालिका ने पति से ही करा दी शादी; युवती से 7 लाख ठगकर दंपति फरार
News Affair Team
Sat, May 31, 2025
बिलासपुर में शादी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: , युवती से 7 लाख की ठगी
शादीशुदा युवक से शादी कराई, फिर पैसे लेकर हुआ फरार; पुलिस ने पति-पत्नी पर दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
बिलासपुर.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति की शादी दूसरी युवती से करवा दी और फिर उससे लाखों की ठगी की। पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने महिला और उसके पति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
शिकायतकर्ता दमयंती चौधरी, जो मूल रूप से शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा) की निवासी हैं, ने बताया कि जुलाई 2024 में उन्होंने अमेरी में रहने वाली चित्रा चौधरी के मैरिज ब्यूरो में शादी के लिए प्रोफाइल दिया था। शुरुआत में चित्रा ने कई लड़कों के प्रोफाइल भेजे, लेकिन कोई पसंद नहीं आया। इसके बाद चित्रा ने अपने ही पति संजय चौधरी का प्रोफाइल भेजा, जो हरियाणा के सिरसा का रहने वाला है। दमयंती को संजय का प्रोफाइल पसंद आ गया और वह शादी के लिए तैयार हो गईं।

गिरौधपुरी धाम में कराई गई थी शादी
इसके बाद चित्रा ने गिरौधपुरी धाम में दोनों की शादी करवा दी। शादी के बाद संजय, दमयंती को अपने घर सिरसा ले गया और वहां करीब 11 महीने तक अपने परिजनों के साथ रखा। बाद में दोनों बिलासपुर लौट आए और विनोबा नगर में किराए के मकान में रहने लगे। यहां दमयंती ने एक ब्यूटी पार्लर भी खोल लिया था।
अलग-अलग बहानों से वसूले सात लाख
दमयंती ने बताया कि संजय ने परिजनों की तबीयत और अन्य समस्याओं का हवाला देकर उससे अलग-अलग समय पर कुल सात लाख रुपए ले लिए। इन पैसों से एक कार भी खरीदी गई। लेकिन एक दिन संजय अचानक घर से गायब हो गया। संदेह के चलते युवती ने पड़ताल शुरू की, तो सच्चाई सामने आई।

महिला ने पति की शादी कराकर खुद पहुंची थी हरियाणा
जांच में पता चला कि चित्रा और संजय पहले से पति-पत्नी हैं और उनका एक बेटा भी है। चित्रा बिलासपुर के अमेरी इलाके में मैरिज ब्यूरो चला रही थी। इतना ही नहीं, शादी कराने के बाद चित्रा खुद हरियाणा जाकर अपने पति को वापस भी लेकर आई थी।
कार छोड़कर भागे पति-पत्नी, पुलिस कर रही तलाश
संजय और चित्रा कार लेकर फरार होना चाहते थे, लेकिन पकड़े जाने के डर से कार वहीं छोड़ गए। फिलहाल दोनों पति-पत्नी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ IPC की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन