डिप्टी CM विजय शर्मा खुद बने ‘पीड़ित’ : गृहमंत्री ने डायल-112 पर कॉल कर परखा रिस्पांस टाइम; मौके पर पहुंची टीम का किया निरीक्षण
News Affair Team
Mon, May 25, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राज्य की आपातकालीन सेवा डायल-112 की जमीनी हकीकत और रिस्पांस टाइम जांचने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने खुद पीड़ित बनकर डायल-112 पर कॉल किया और पुलिस की प्रतिक्रिया को परखा।
डिप्टी CM ने बेमेतरा थाना क्षेत्र के पास सड़क हादसे की सूचना देकर मदद मांगी। शिकायत दर्ज होने के कुछ ही देर बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद विजय शर्मा ने खुद वाहन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
एक्सीडेंट की सूचना देकर मंगाई टीम
जानकारी के मुताबिक, विजय शर्मा ने डायल-112 पर फोन कर बताया कि बेमेतरा थाने के पास एक्सीडेंट हुआ है और तत्काल मदद की जरूरत है। कॉल के बाद कंट्रोल रूम से टीम को अलर्ट किया गया।
कुछ ही देर में डायल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। टीम को सामने देखकर अधिकारी भी कुछ देर के लिए चौंक गए, क्योंकि शिकायतकर्ता खुद उप मुख्यमंत्री निकले।
तकनीकी सिस्टम और रिस्पांस व्यवस्था जांची
मौके पर पहुंचने के बाद विजय शर्मा ने डायल-112 वाहन में मौजूद सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, रिस्पांस सिस्टम, तकनीकी नेटवर्क और आपातकालीन परिस्थितियों में कार्रवाई की प्रक्रिया के बारे में सवाल किए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी देखा कि वाहन में इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीकें किस तरह काम कर रही हैं और नागरिकों तक मदद कितनी तेजी से पहुंच रही है।
हाल ही में लॉन्च हुई हैं 400 से ज्यादा नई गाड़ियां
बता दें कि 18 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में डायल-112 सेवा के लिए 400 से ज्यादा अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी।
यह सेवा 24×7 संचालित की जा रही है। इसमें GIS आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, SIP ट्रंक टेक्नोलॉजी और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं।
राज्य के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया है।
कॉल, WhatsApp और ऐप से भी मिलेगी मदद
सरकार के मुताबिक नागरिक अब सिर्फ फोन कॉल ही नहीं, बल्कि SMS, ईमेल, वेब पोर्टल, WhatsApp, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी मदद मांग सकेंगे।
सरकार का दावा है कि नई तकनीक और आधुनिक वाहनों के जरिए पुलिस रिस्पांस टाइम को पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी बनाया जाएगा।
‘जमीनी स्तर पर व्यवस्था देखना जरूरी’
सूत्रों के मुताबिक, विजय शर्मा का उद्देश्य केवल औपचारिक समीक्षा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सेवा की वास्तविक स्थिति जानना था। इसी वजह से उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के खुद कॉल कर पूरी व्यवस्था को परखा।
डायल-112 सेवा को लेकर सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और अधिकारियों को बेहतर रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन