BYJU'S के संस्थापक को 6 महीने की जेल : बायजू रविंद्रन को सिंगापुर कोर्ट ने अवमानना में दोषी करार दिया; 67 लाख का जुर्माना भी
News Affair Team
Wed, May 27, 2026
नईदिल्ली.
भारत की चर्चित एडटेक कंपनी BYJU'S के संस्थापक बायजू रविंद्रन को सिंगापुर की अदालत ने कोर्ट की अवमानना मामले में 6 महीने जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने पाया कि रविंद्रन ने अपनी संपत्तियों से जुड़े जरूरी दस्तावेज छिपाए और बार-बार अदालत के आदेशों का पालन नहीं किया।
सिंगापुर कोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2024 से लगातार उन्हें अपनी संपत्ति और कॉरपोरेट होल्डिंग्स से जुड़ी जानकारी पेश करने के निर्देश दिए जा रहे थे, लेकिन उन्होंने अदालत के आदेशों को नजरअंदाज किया। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें दोषी मानते हुए जेल भेजने का आदेश दिया। अदालत ने रविंद्रन को तुरंत अधिकारियों के सामने सरेंडर करने को भी कहा है।

67 लाख रुपए का जुर्माना भी लगा
जेल की सजा के साथ कोर्ट ने बायजू रविंद्रन पर 90 हजार सिंगापुर डॉलर यानी करीब 67 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। यह राशि कानूनी खर्च के रूप में जमा करनी होगी।
इसके अलावा अदालत ने उन्हें ‘BR Investco Pte’ से जुड़े दस्तावेज भी जमा करने का आदेश दिया है। यह एक कॉरपोरेट इकाई है, जिसके पास संबंधित निवेश हिस्सेदारी और शेयर मौजूद हैं।
कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी ने दायर किया था केस
यह मामला कतर निवेश प्राधिकरण की सहयोगी कंपनी की ओर से दायर किया गया था। QIA ने उस दौर में BYJU’S में निवेश किया था, जब कंपनी आर्थिक संकट और बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी का सामना कर रही थी।
सिंगापुर कोर्ट में कतर होल्डिंग्स की तरफ से ‘ड्रू एंड नेपियर’ लॉ फर्म ने पैरवी की, जबकि BYJU’S पक्ष की ओर से ‘फर्वेंट चैंबर्स’ अदालत में पेश हुई।
फिलहाल इस फैसले पर रविंद्रन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वे अभी सिंगापुर में हैं या किसी अन्य देश में।
अमेरिका में भी चल रही 11 हजार करोड़ की कानूनी लड़ाई
सिंगापुर कोर्ट का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब बायजू रविंद्रन दुनिया के कई देशों में निवेशकों और कर्जदाताओं के मुकदमों का सामना कर रहे हैं।
अमेरिका में भी कंपनी के लेंडर्स करीब 1.2 बिलियन डॉलर यानी लगभग 11 हजार करोड़ रुपए के लोन की वसूली के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। कंपनी की वित्तीय स्थिति बिगड़ने के बाद यह विवाद और गहरा गया था।
भारतीय स्टार्टअप दुनिया की सबसे सफल कहानी था BYJU’S
BYJU'S की शुरुआत ‘थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से हुई थी। बाद में यह कंपनी दुनिया भर में BYJU’S ब्रांड के तौर पर पहचान बनाने लगी।
एक समय ऐसा था जब BYJU’S भारत की सबसे बड़ी एडटेक कंपनी बन गई थी और इसे भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम की सबसे बड़ी सफलता कहानियों में गिना जाता था। कंपनी ने वैश्विक निवेशकों से अरबों डॉलर की फंडिंग जुटाई थी और महामारी के दौरान तेजी से विस्तार किया था।
हालांकि बाद के वर्षों में कंपनी पर वित्तीय अनियमितताओं, कर्ज विवाद, कर्मचारियों की छंटनी और निवेशकों से टकराव जैसे आरोप लगने लगे। इसके बाद कंपनी लगातार कानूनी और आर्थिक संकट में फंसती चली गई।
इंजीनियरिंग छात्र से अरबपति तक का सफर
बायजू रविंद्रन (Byju Raveendran) का जन्म 5 जनवरी 1980 को केरल के कन्नूर जिले के अझिकोड में हुआ था। शुरुआती पढ़ाई मलयालम माध्यम स्कूल में हुई। बाद में उन्होंने कन्नूर गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में BTech किया।
पढ़ाई के दौरान वे मैथ्स ओलंपियाड और साइंस क्विज प्रतियोगिताओं में भी सक्रिय रहे। उन्होंने CAT परीक्षा में 100 परसेंटाइल हासिल कर चर्चा बटोरी थी। बाद में शिक्षण और ऑनलाइन लर्निंग मॉडल के जरिए उन्होंने BYJU’S को भारत के सबसे चर्चित स्टार्टअप्स में बदल दिया।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन